
India vs Afghanistan 2nd ODI: भारत ने लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मुक़ाबले में अफगानिस्तान को 170 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया है। यह रनों के लिहाज से अफगानिस्तान के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इसी के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 से बढ़त बनाते हुए कब्जा जमा लिया है।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 402 रन पर सिमट गई। जवाब में अफगानिस्तान की टीम 44.3 ओवर में 232 रन पर ढेर हो गई और 170 रन से मैच हार गई। अफगानिस्तान की रनों के लिहाज से वनडे में यह दूसरी सबसे बड़ी हार है।
403 रन के बड़े लक्ष्य को हासिल करने उतरी अफगानिस्तान की तरफ से किसी भी टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज द्वारा बड़ी पारी की जरूरत थी, लेकिन शीर्ष क्रम के 4 बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए और इस वजह से टीम को बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
अफगानिस्तान की तरफ से सबसे ज्यादा 79 रन रहमत शाह ने बनाए। इसके अलावा, सेदिकुल्लाह अटल ने 42, रहमानुल्लाह गुरबाज ने 41, और इब्राहिम जादरान ने 21 रन की पारी खेली। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका। भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह ने 9 ओवर में 45 रन देकर 3 और गुरनुर बरार ने 10 ओवर में 60 रन देकर 3 विकेट लिए। अपना पहला मैच खेल रहे प्रिंस यादव को 2, जबकि वाशिंगटन सुंदर को 1 विकेट मिला।
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर भारतीय टीम को बल्लेबाजी सौंपी थी। भारतीय टीम ने कप्तान शुभमन गिल और विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की शतकीय पारियों की बदौलत 49.5 ओवर में 402 रन बनाए थे। टीम इंडिया के लिए शुभमन गिल ने 110 गेंदों पर 154 रन की पारी खेली। इस पारी में गिल ने 2 छक्के और 22 चौके लगाए। वनडे करियर का गिल का यह 9वां शतक था। ईशान किशन ने 79 गेंदों पर 7 छक्कों और 14 चौकों की मदद से 125 रन की पारी खेली। किशन का यह दूसरा वनडे शतक था।
गिल और किशन ने तीसरे विकेट के लिए 224 रन की साझेदारी की। अफगानिस्तान के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए भारत की तरफ से वनडे की यह सबसे बड़ी साझेदारी थी। रोहित शर्मा ने 39 गेंदों पर 48 और श्रेयस अय्यर ने 24 गेंदों पर 26 रन बनाए।