
केपटाउन। भारतीय क्रिकेट टीम ने तीसरे टी-20 मुकाबले में जीत दर्ज करते हुए सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया। शनिवार को खेले गए सीरीज के अंतिम और निर्णायक मुकाबले को भारतीय टीम ने सात रन के अंतर जीता। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीकी सरजमीं पर पहली बार कोई टी-20 सीरीज जीतने में सफल हुई। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 172 रनों का स्कोर खड़ा किया था। जिसका पीछा करते हुए मेजबान टीम निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाने में भी सफल हुई।
मैन ऑफ द सीरीज बने भुवनेश्वर -
दोनों दिग्गज टीमों के बीच यह तीसरा मुकाबला काफी रोमांचक हुआ। कप्तान डूमिनी के शानदार अर्धशतक की बदौलत मेजबान टीम जीत की ओर आसानी से बढ़ती दिख रही थी। लेकिन बाद में भारतीय गेंदबाजों ने कमबैक करते हुए मैच में जान डाल दी। आखिरी ओवर में मेजबान टीम को जीत के 19 रनों की दरकार थी। लेकिन अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर ने इस ओवर में 12 रन खर्च करते हुए खतरनाक बल्लेबाज क्रिस्टियन जोंकर (49) का विकेट भी निकाला। भुवी भारत की ओर से सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्हें दो सफलता हाथ लगी। मेजबान टीम के लिए कप्तान जेपी डुमिनी (55) टॉप स्कोरर रहे।
रैना और शिखऱ की अच्छी बल्लेबाजी -
इससे पहले टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 172 रनों का स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से शिखर धवन ने सर्वाधिक 47 और सुरेश रैना ने 43 रन बनाए। इन दोनों के अलावे हार्दिक पांड्या ने (21) दिनेश कार्तिक और मनीष पांडे ने (13), महेंद्र सिंह धोनी ने 12 और रोहित शर्मा ने 11 रनों की पारी खेली। बता दें कि इस मैच में भारतीय कप्तान विराट कोहली नहीं खेल रहे थें। लिहाजा उनकी जगह पर रोहित शर्मा ने कप्तानी की।
चार सीरीज जीत कर स्वदेश लौटेगी भारतीय टीम -
इस सीरीज में जीत के साथ भी भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका से चार सीरीजों में जीत की ट्रॉफी लेकर स्वदेश वापस आएगी। बता दें कि भारतीय पुरुष टीम के साथ-साथ महिला टीम भी इन दिनों अफ्रीका के साथ खेल रही थी। भारतीय महिला टीम ने भी वनडे और टी-20 में सीरीज पर कब्जा जमाया है। तीसरे मैच में 43 रनों की पारी खेलने वाले सुरेश रैना को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। बता दें कि रैना ने गेंदबाजी में भी एक विकेट हासिल की थी।