क्रिकेट

IND vs SA: दक्षिण अफ्रीका खिलाफ हार के साथ भारत को दोहरा झटका, टीम इंडिया सेमीफ़ाइनल की रेस से लगभग बाहर!

IND vs SA: भारत के अगले दो मुक़ाबले जिम्बाब्वे और वेस्ट इंडीज के खिलाफ हैं। टीम इंडिया को ये मुक़ाबले न सिर्फ जीतने होंगे, बल्कि इन्हें बड़े अंतर से जीतना होगा। ताकि अपना नेट रन रेट बेहतर कर सकें।
3 min read
Feb 23, 2026
IND vs SA
76 रनों के बड़े अंतर से हारने से भारत के नेट रनरेट को बड़ा झटका लगा (photo - BCCI)

India vs South Africa, ICC T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया का विजय अभियान रुक गया है। रविवार को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए सुपर-8 राउंड के मुकाबले में भारतीय टीम को 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा। जिसके बाद टीम को दोहरा झटका लगा है।

सेमीफ़ाइनल की रान बेहद मुश्किल

इस हार के बाद भारत के लिए अब हर मैच 'करो या मरो' मुक़ाबला हो गया है। वहीं 76 रनों के बड़े अंतर से हारने से नेट रनरेट को बड़ा झटका लगा है। टीम इंडिया का नेट रन रेट -3.800 तक गिर गया है, जबकि दक्षिण अफ्रीका का रनरेट +3.800 हो गया है। सुपर 8 में चार - चार टीम के दो ग्रुप बनाए गए हैं। ग्रुप-1 में इन दोनों टीमों के अलावा वेस्ट इंडीज और जिम्बाब्वे भी हैं। हर ग्रुप से टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। ऐसे में यहां से सेमीफ़ाइनल में जगह बनाना थोड़ा मुश्किल हो गया है।

जिम्बाब्वे और वेस्ट इंडीज को बड़े अंतर से हराना होगा

भारत के अगले दो मुक़ाबले जिम्बाब्वे और वेस्ट इंडीज के खिलाफ हैं। इन दोनों मैचों को न सिर्फ जीतना होगा, बल्कि बड़े अंतर से जीतकर नेट रन रेट में भी सुधार करना होगा। अगर टीम बड़े मार्जिन से जीत दर्ज कर पाती है और अन्य परिणाम उसके पक्ष में जाते हैं, तो सेमीफाइनल की राह अभी भी संभव है। लेकिन फिलहाल दबाव टीम पर है, बल्लेबाजी क्रम को मजबूत करने, पावरप्ले में आक्रामकता दिखाने और डेथ ओवर्स में बेहतर प्लानिंग की जरूरत है।

भारतीय बल्लेबाज फ्लॉप

मैच की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका से मिले 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ईशान किशन बिना खाता पवेलियन लौटे। तिलक वर्मा की खराब फॉर्म इस मैच में भी जारी रही और वह सिर्फ एक रन ही बना सके। वहीं, अभिषेक शर्मा 12 गेंदों में 15 रन बनाने के बाद मार्को जानसेन की गेंद पर पवेलियन लौटे।

कप्तान सूर्यकुमार यादव 2 चौकों की मदद से 18 रन बनाने के बाद कॉर्बिन बॉश का शिकार बने। वॉशिंगटन सुंदर 11 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक पांड्या 17 गेंदों में 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रिंकू सिंह केशव महाराज की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में गेंद को सीधा ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों में मार बैठे और खाता तक नहीं खोल सके।

अर्शदीप सिंह भी सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए, जबकि बुमराह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। भारत की पूरी टीम सिर्फ 111 रन बनाकर सिमट गई। शिवम दुबे ने भारत की ओर से 37 गेंदों में सर्वाधिक 42 रन बनाए। गेंदबाजी में दक्षिण अफ्रीका की तरफ से मार्को जानसेन ने 3.5 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं, केशव महाराज ने महज 24 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए।

इससे पहले, टॉस जीतकर बैटिंग करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही। क्विंटन डी कॉक सिर्फ 6 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। वहीं, कप्तान एडेन मार्करम भी सिर्फ 4 रन बनाकर अर्शदीप सिंह का शिकार बने। इसके बाद रयान रिकेल्टन भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 7 रन बनाकर आउट हुए।

20 रनों के स्कोर पर 3 विकेट गंवा चुकी दक्षिण अफ्रीका की लड़खड़ाती हुई पारी को डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर ने संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 97 रनों की अहम साझेदारी की। ब्रेविस 29 गेंदों में 45 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, मिलर ने महज 35 गेंदों का सामना करते हुए 63 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस इनिंग के दौरान मिलर ने 7 चौके और 3 छक्के जमाए।

ट्रिस्टन स्टब्स ने सिर्फ 24 गेंदों में 44 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसके दम पर साउथ अफ्रीकी टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 187 रन लगाने में सफल रही। गेंदबाजी में भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में महज 15 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि अर्शदीप सिंह ने दो विकेट निकाले।

Updated on:
23 Feb 2026 07:26 am
Published on:
23 Feb 2026 07:26 am