क्रिकेट

IND vs AUS Highlights: कोहली के अर्धशतक की मदद से भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हरा चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में बनाई जगह

IND vs AUS, Champions Trophy 2025: ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 264 रन बनाए। जवाब में भारत ने इसे छह विकेट खोकर 48.1 ओवर में हासिल कर लिया।
2 min read
• •
Updated: 4 Mar 2025, 10:48 PM IST
Feature image

India vs Australia Semifinal, Champions Trophy 2025: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले सेमीफाइनल मुक़ाबले में पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने बेहतरीन अर्धशतक की मदद से भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हरा दिया। इसी जीत के साथ भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली है।

265 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 43 के स्कोर पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गवां दिये। शुभमन गिल (आठ) और कप्तान रोहित शर्मा (28) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद विराट कोहली और श्रेयस अय्यर की जोड़ी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई।

27वें ओवर में एडम जम्पा ने श्रेयस अय्यर को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। श्रेयस अय्यर ने 62 गेंदों में (45) रनों की पारी खेली। अक्षर पटेल (27) को नेथन एलिस ने बोल्ड किया। 43वें ओवर में एडम जम्पा ने शतक की ओर बढ़ रहे विराट कोहली को आउटकर भारत को पांचवां झटका दिया। विराट कोहली ने 98 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए (84) रनों की पारी खेली।

तूफानी बल्लेबाजी कर रहे हार्दिक पंड्या को 48वें ओवर में नेथन एलिस ने मैक्सवेल के हाथों कैच आउट कराकर ऑस्ट्रेलिया को छठी सफलता दिलाई। हार्दिक ने 24 गेंदों में एक चौका और तीन छक्के लगाते हुए (28) रनों की पारी खेली। के एल राहुल ने 34 गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाते हुए (नाबाद 42) रन बनाये। रवींद्र जडेजा (दो) रन बनाकर नाबाद रहे।

भारत ने 48.1 ओवर में छह विकेट पर 267 रन बनाकर मुकाबला चार विकेट से जीत लिया। इसी के साथ भारत टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गया है जहां उसका मुकाबला दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एडम जम्पा और नेथन एलिस ने दो- दो विकेट लिये। बेन ड्वारश्विस और कूपर कॉनोली ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने चार रन के स्कोर पर कूपर कॉनोली (शून्य) का विकेट गवां दिया। कूपर कॉनोली को मोहम्मद शमी ने आउट किया। इसके बाद कप्तान स्टीव स्मिथ ने ट्रैविस हेड के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया।

नौवें ओवर में वरूण चक्रवर्ती ने ट्रेविस हेड को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। ट्रेविस हेड ने 33 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के लगाते हुए 39 रनों की पारी खेली। मार्नस लाबुशेन (29) को पगबाधा आउटकर रवींद्र जडेजा ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका दिया। जॉश इंग्लिस (11) भी जडेजा का शिकार बने। शतक की ओर बढ़ रहे स्टीव स्मिथ को मोहम्मद शमी ने 37वें ओवर में बोल्ड आउट किया।

स्टीव स्मिथ ने 96 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से (73) रनों की पारी खेली। ग्लेन मैक्सवेल (सात) को अक्षर पटेल ने बोल्ड किया। बेन ड्वारश्विस (19) को चक्रवर्ती ने आउट किया। एलेक्स कैरी को श्रेयस अय्यर ने रनआउट किया। एलेक्स कैरी ने 57 गेंदों में आठ चौके और एक छक्का लगाते हुए (61) रनों की पारी खेली। नेथन एलिस (10) को शमी ने नौवें विकेट के रूप में आउट किया।

आखिरी ओवर करने आये हार्दिक पंड्या ने एडम जम्पा (सात) रन को बोल्ड कर ऑस्ट्रेलिया की पारी का 264 के स्कोर पर अंत कर दिया। भारत की ओर से मोहम्मद शमी को तीन विकेट मिले। रवींद्र जडेजा, हार्दिक पंड्या और वरूण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिये। अक्षर पटेल ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

Updated on:
4 Mar 2025, 10:48 PM IST
Published on: