क्रिकेट

IND vs NED: पाकिस्तान पर जीत के बावजूद संतुष्ट नहीं भारत, नीदरलैंड्स के खिलाफ बल्लेबाजी और फील्डिंग सुधारने पर नजर

India vs Netherlands Women's T20 World Cup: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में भारत का अगला मुकाबला नीदरलैंड्स से हेडिंग्ले स्टेडियम, लीड्स में होगा। पाकिस्तान के खिलाफ मिली जीत के बाद टीम इंडिया बल्लेबाजी और फील्डिंग में सुधार पर नजर रखेगी।
2 min read
Jun 16, 2026
Indian Women's Team Weakness
भारतीय विमेंस क्रिकेट टीम। (फोटो सोर्स: BCCI)

India vs Netherlands Women's T20 World Cup: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान (PAK) के खिलाफ जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत करने वाली भारतीय टीम (IND) अब अपनी दूसरी चुनौती के लिए तैयार है। बुधवार को लीड्स के हेडिंग्ले स्टेडियम में भारत का सामना नीदरलैंड्स (NED) से होगा। कागजों पर यह मुकाबला भारत के लिए आसान माना जा रहा है, लेकिन टीम किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतना चाहेगी।

पाक से जीती, मगर ये थी कमी

पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में भारत की बल्लेबाजी पूरी तरह प्रभावशाली नहीं दिखी थी। ओपनर स्मृति मंधाना और निचले क्रम में ऋचा घोष ने अहम योगदान दिया, लेकिन बाकी बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। शेफाली वर्मा, कप्तान हरमनप्रीत कौर और मध्यक्रम की महत्वपूर्ण बल्लेबाज भारती फुलमाली बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहीं।

आगे की राह, भविष्य की चुनौती

भारत के लिए आगे का रास्ता आसान नहीं है। सेमीफाइनल में पहुंचने की दौड़ में उसे ऑस्ट्रेलिया या दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों को भी हराना पड़ सकता है। ऐसे में बल्लेबाजी क्रम में ज्यादा निरंतरता की जरूरत होगी और नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबला खुद को बेहतर करने का अच्छा मौका माना जा रहा है।

फील्डिंग फ्लॉप, गेंदबाजी रही हिट

फील्डिंग भी पहले मैच में चिंता का विषय रही थी। शुरुआती चरण में कुछ मौके गंवाए गए, हालांकि बाद में खिलाड़ियों ने कुछ अच्छे कैच लेकर स्थिति संभाल ली थी। टीम चाहेगी कि नीदरलैंड्स के खिलाफ मैदान पर और ज्यादा चुस्ती दिखाई दे। गेंदबाजी में स्पिन जोड़ी दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने शानदार प्रदर्शन किया था। दोनों ने मिलकर आठ विकेट हासिल किए, जिसमें दीप्ति ने पांच विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। वहीं श्री चरणी अपनी फ्लाइट और चतुराई से लगातार बल्लेबाजों को परेशान कर रही हैं।

नीदरलैंड्स टीम की ये है हालत

हालांकि तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ पाकिस्तान के खिलाफ ज्यादा असर नहीं छोड़ सकीं। हेडिंग्ले में दोनों की नजर शुरुआती विकेट निकालकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने पर होगी।
दूसरी ओर, नीदरलैंड्स की टीम अपने पहले मुकाबले में बांग्लादेश से हारकर आ रही है। कप्तान बाबेट डी लीडे ने भी माना कि उनकी टीम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। ऐसे में भारत के खिलाफ चुनौती उनके लिए और भी मुश्किल रहने वाली है।