
IND vs NZ Head To Head: न्यूजीलैंड की टीम अभी भारत के दौरे पर है। यहां खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में दोनों ही टीमें अभी 1-1 की बराबरी पर हैं। सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है, जिसे जीतकर दोनों ही टीमें सीरीज को अपने नाम करना चाहेंगी।
इंदौर का होलकर क्रिकेट स्टेडियम भारतीय क्रिकेट के उन मैदानों में शामिल है, जहां टीम इंडिया का प्रदर्शन हमेशा प्रभावशाली रहा है। यहां की सपाट पिच, छोटी बाउंड्री और दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मैच का माहौल पूरी तरह भारतीय टीम के पक्ष में कर देता है। वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में इस मैदान पर भारत ने अब तक ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जो किसी भी विरोधी टीम के लिए चुनौती बना हुआ है।
इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारत ने अब तक कुल सात वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं और सभी सातों मुकाबलों में जीत हासिल की है। न तो यहां टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा है और न ही कोई मैच टाई या नो रिजल्ट रहा है। यह रिकॉर्ड इंदौर को भारत के लिए सबसे भरोसेमंद वनडे वेन्यू में शामिल करता है। पहली बार 15 अप्रैल 2006 को यहां इंग्लैंड के खिलाफ वनडे खेला गया था, जिसमें भारत ने सात विकेट से जीत दर्ज की थी।
| क्रम | प्रतिद्वंदी टीम | विजेता | जीत का अंतर | मैच तिथि |
|---|---|---|---|---|
| 1 | ऑस्ट्रेलिया | भारत | 99 रन | 24 सितंबर 2023 |
| 2 | न्यूज़ीलैंड | भारत | 90 रन | 24 जनवरी 2023 |
| 3 | ऑस्ट्रेलिया | भारत | 5 विकेट | 24 सितंबर 2017 |
| 4 | दक्षिण अफ्रीका | भारत | 22 रन | 14 अक्टूबर 2015 |
| 5 | वेस्टइंडीज | भारत | 153 रन | 8 दिसंबर 2011 |
| 6 | इंग्लैंड | भारत | 54 रन | 17 नवंबर 2008 |
| 7 | इंग्लैंड | भारत | 7 विकेट | 15 अप्रैल 2006 |
इंदौर की पिच को बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है। यहां अक्सर बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं और टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को रन बनाने में मदद मिलती है। इसी मैदान पर भारत ने वनडे क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा स्कोर 418 रन बनाया था। इस ऐतिहासिक मैच में वेस्ट इंडीज के खिलाफ वीरेंद्र सहवाग ने 219 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी, जो लंबे समय तक वनडे का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी रहा।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए वनडे मुकाबलों में अब तक देखा जाए तो भारत का पलड़ा भारी रहा है। दोनों ही टीमों के बीच कुल 122 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से भारत ने 63 मुकाबले अपने नाम किए हैं, वहीं न्यूजीलैंड ने 51 मैच जीते हैं। 7 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला और एक मैच टाई रहा।
भारत के न्यूजीलैंड के खिलाफ इन्हीं बेहतर आंकड़ों और इंदौर में दबदबे के चलते यह माना जा रहा है कि भारतीय टीम इस तीसरे वनडे मुकाबले को जीतकर सीरीज पर कब्जा जमा सकती है।