
India vs Pakistan, ICC Women's T20 World Cup 2026: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। इंग्लैंड में होने वाले इस टूर्नामेंट की शुरुआत 12 जून से होने जा रही है। पहला मुक़ाबला मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा, जबकि फाइनल मैच 5 जुलाई को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर होगा। कुल 12 टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी और पूरे टूर्नामेंट में 33 मैच खेले जाएंगे।
भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 मई को चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। यह हाईवोल्टेज मुक़ाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान में खेला जाएगा। अगर इतिहास के पन्नों को पलटें, तो टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ हमेशा से टीम इंडिया का दबदबा रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कोई द्विपक्षीय टी20 सीरीज नहीं खेली गई है। वे केवल आईसीसी इवेंट्स, एशिया कप, एशियन गेम्स या कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े मंचों पर ही आमने-सामने आती हैं।
दोनों देशों ने अब तक कुल 16 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेले हैं। इस दौरान भारतीय टीम ने 13 मैचों में बाजी मारी है, जबकि पाकिस्तान की टीम सिर्फ 3 मैच ही अपने नाम कर सकी है। टी20 वर्ल्ड कप की बात करें तो दोनों टीमें अब तक 8 बार एक-दूसरे से भिड़ चुकी हैं, जिसमें से भारत ने 6 मैचों में बाजी मारी है। वहीं, पाकिस्तान को सिर्फ 2 मैचों में जीत नसीब हुई है। आखिरी बार जब दोनों टीमें 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में आमने-सामने आई थीं, तब भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी थी।
भारतीय टीम अब तक कभी भी महिला टी20 विश्व कप नहीं जीत सकी है। ऐसे में इस बार वह इतिहास रचने के इरादे से उतरेगी। टीम साल 2020 में खिताब के सबसे करीब पहुंची थी, जब वह फाइनल में रनर-अप रही थी। हालांकि, पिछले साल 2024 के विश्व कप में भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीमें ग्रुप स्टेज से आगे नहीं निकल पाई थीं। अब 2026 में भारतीय टीम इस नाकामी को दूर करते हुए पहला टी20 विश्व कप खिताब जीतने की कोशिश करेगी।