
IND vs SL Test Series Live Streaming details: भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर की जा रही है। लेकिन, 15 अगस्त से भारत और श्रीलंका के बीच खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज की लाइव स्ट्रीमिंग इस ऐप पर नहीं होगी, बल्कि मोबाइल और लैपटॉप पर देखने वाले क्रिकेट फैंस को इसे देखने के लिए सब्सक्रिप्शन लेना होगा। आइये आपको भी बताते हैं कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC 2025-27) के लिहाज से भारत के लिए महत्वपूर्ण इस सीरीज को आप कौन से ऐप पर कब-कहां देख सकते हैं?
हाल ही में श्रीलंका क्रिकेट (SLC) भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आपसी सहमति से भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की तारीख-समय और वेन्यू का आधिकारिक ऐलान किया है। ये टेस्ट सीरीज 15 से 27 अगस्त के बीच श्रीलंका की मेजबानी में खेली जानी है। भारतीय फैंस जहां टीवी पर इस सीरीज का लाइव टेलीकास्ट मुफ्त में देख सकेंगे तो ऐप पर देखने के लिए जेब ढीली करनी होगी।
भारत बनाम श्रीलंका दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच 15 से 19 अगस्त के बीच गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। वहीं, दूसरा मैच 23 से 27 अगस्त के बीच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। ये दोनों मुकाबले भारतीय समयानुसार, सुबह 10 बजे शुरू होंगे।
भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट सीरीज की लाइव स्ट्रीमिंग भारतीय फैंस सोनी लिव ऐप पर देख सकेंगे। हालांकि, इसके लिए क्रिकेट फैंस को अपनी जेब ढीली करनी होगी, यानी सब्सक्रिप्शन लेना होगा।
भारत बनाम श्रीलंका दो मैचों की टेस्ट सीरीज के ब्रॉडकास्ट राइट सोनी नेटवर्क के पास हैं। इसलिए आप इसका लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनल्स पर देख सकते हैं। इसके अलावा इसका लाइव टेलीकास्ट डीडी स्पोर्ट्स पर भी एकदम मुफ्त देख सकते हैं।
बता दें कि यह लंबे समय बाद है, जब किसी टेस्ट सीरीज का लाइव प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर किया जा रहा है। इससे पहले 2013 में आखिरी बार भारत बनाम वेस्टइंडीज टेस्ट का लाइव टेलीकास्ट डीडी स्पोर्ट्स पर किया गया था, जो कि सचिन तेंदुलकर का फेयरवेल मुकाबला था।