क्रिकेट

T20 Tri series: राउंड-2 का पहला मैच कल भारत-श्रीलंका के बीच, इस दिग्गज को मिल सकता है मौका

निदास ट्रॉफी टूर्नामेंट में खेले गए अपने पहले मैच में श्रीलंका से मिली हार का बदला लेने के लिए भारतीय टीम पूरी तरह से तैयार है।
2 min read
• •
Updated: 11 Mar 2018, 6:51 PM IST
ind vs sri

नई दिल्ली। निदास ट्रॉफी टूर्नामेंट में खेले गए अपने पहले मैच में श्रीलंका से मिली हार का बदला लेने के लिए भारतीय टीम पूरी तरह से तैयार है। दोनों टीमें एक बार फिर सोमवार को आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आमने-सामने होंगी और इस बार भारतीय टीम मैच की बाजी अपने पाले में करने की हर कोशिश करेगी। भारत का ध्यान श्रीलंका के खिलाफ जीत के लिए अपनी बल्लेबाजी पर होगा। अपनी कमजोर बल्लेबाजी के कारण ही उसे पहले मैच में मेजबान टीम से हार मिली थी।

तीनों टीमें बराबरी है पर -
सीरीज में अबतक तीन मुकाबले खेले गए है। जिनमें तीनों टीमों ने एक-एक मैच की जीत के साथ सीरीज को बराबरी पर ऱखा है। अब दूसरे राउंड का पहला मैच कल खेला जाना है। भारत की कोशिश पिछले मैच में हुई गलतियों से सबक लेते हुए जीत हासिल करने की होगी। बता दें कि पिछले मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम शिखर धवन (90) की शानदार पारी के दम पर ही 174 रनों का स्कोर बना पाई थी। इस लक्ष्य को श्रीलंका ने कुसल परेरा (66) की अर्धशतकीय पारी और उपुल थारंगा की ओर से दिए गए अहम 22 रनों के योगदान के दम पर हासिल कर लिया था।

दूसरे मैच में आसान थी जीत की राह -
भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ खेला गया अपना दूसरा मैच जीता। इस मैच में अपनी अच्छी गेंदबाजों के दम पर भारत ने बांग्लादेश की पारी को 139 रनों पर ही समेट दिया और इसी कारण भारत को इस लक्ष्य को हासिल करने में अधिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। श्रीलंका से हार का बदला लेने के लिए भारत को अपनी गेंदबाजी को भी मजबूत करना होगा। टीम के पास गेंदबाज जयदेव उनादकट, युजवेंद्र चहल, शार्दूल ठाकुर, विजय शंकर और वाशिंगटन सुंदर हैं।

भारत के लिए चिंता के कारण बने ये स्टार -
भारतीय टीम इस सीरीज के शुरुआती दोनों मैचों में एक टीम के साथ मैदान पर उतरी थी। दोनों ही मैच में युवा बल्लेबाज ऋषभ पंत को बल्लेबाजी करने का मौका भी मिला। लेकिन पंत दोनों मौकों को भूना पाने में नाकाम रहे। ऐसे में कल श्रीलंका के खिलाफ केएल राहुल को मौका दिया जा सकता है। इसके साथ-साथ भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला का भी पिछले कई मैचों से खामोश है। ऐसे में उनपर भी बड़ा स्कोर बनाने का दवाब होगा।

मेजबान टीम की चिंता का कारण-
मेजबान टीम की बात की जाए, तो भारत के खिलाफ पहले मैच में उसने अच्छा प्रदर्शन किया था। हालांकि, बांग्लादेश के खिलाफ शनिवार को खेले गए दूसरे मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा। श्रीलंका की बल्लेबाजी अच्छी रही है। उसके पास कुशाल मेंडिस और कुशाल परेरा जैसे खिलाड़ी हैं, जिनकी मदद से श्रीलंका ने बांग्लादेश के खिलाफ 214 रनों का स्कोर खड़ा किया था। इसमें उपुल थारंगा ने भी अहम योगदान दिया था। लेकिन, इस विशाल लक्ष्य का बचाव श्रीलंकाई गेंदबाज नहीं कर सके और बांग्लादेश ने रोमांचक जीत हासिल की। ऐसे में मेजबान टीम की चिंता अपने गेंदबाजों को लेकर है।

टीमें :

भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन (उप-कप्तान), लोकेश राहुल, सुरेश रैना , मनीष पांडे, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, वॉशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, विजय शंकर, शार्दूल ठाकुर, जयदेव उनादकट, मोहम्मद सिराज और ऋषभ पंत (विकेटकीपर)।

श्रीलंका : दिनेश चांडीमल (कप्तान), कुशाल मेंडिस (विकेटकीपर), उपुल थारंगा, कुशाल परेरा (विकेटकीपर), अकीला धनंजय, धनंजय डी सिल्वा, दानुश्का गुनाथीलका, जीवन मेंडिस, थिसारा परेरा, दासुन शनाका, इसुरु उदाना, सुरंगा लकमल, अमीला अपोंसो, दुश्मंथा चमीरा, नुवान प्रदीप।

Published on: