
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम चार अक्टूबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट खेलेगी। दोनों देशों के बीच दो टेस्ट मैच खेले जाने है। इन दो टेस्टों की चार पारियों में भारतीय कप्तान विराट कोहली भारत के पूर्व कप्तान अजहरूद्दीन के रिकॉर्ड तोड़ेंगे। विराट अजहर को पीछे छोड़ने के बेहद करीब है। इसके लिए उन्हें मात्र 37 रनों की जरुरत है। विराट के मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उनके लिए यह काम बेहद आसान दिख रहा है। बता दें कि एशिया कप के दौरान आराम करने वाले कोहली तरोताजा हो कर वापस लौट रहे हैं।
इंडीज के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने का मामला-
भारतीय कप्तान लगभग हर सीरीज और हर मैच के जरिये एक ना एक नया रिकार्ड कायम करते हैं। इस बार जब वह वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलने उतरेंगे तो वह इस टीम के खिलाफ सर्वाधिक टेस्ट स्कोर बनाने के मामले में अजहरूद्दीन को पीछे छोड़ सकते हैं। विराट के लिये यह उपलब्धि आसान मानी जा सकती है जिनके नाम अभी तक वेस्टइंडीज के खिलाफ 502 रन हैं और वह पूर्व क्रिकेटर अजहरूद्दीन के 539 रनों से केवल 37 रन पीछे हैं।
धोनी को पहले ही पीछे छोड़ चुके हैं कोहली-
वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट प्रारूप में विराट पहले ही महेंद्र सिंह धोनी (476) को पीछे छोड़ चुके हैं। धोनी ने वर्ष 2014 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। विराट ने अब तक वेस्टइंडीज के खिलाफ 38.61 के औसत से रन बनाये हैं। इस समय मौजूदा भारतीय क्रिकेट टीम में वेस्टइंडीज के खिलाफ कोहली से ज्यादा आर. अश्विन ने बनाए हैं। अश्विन के खाते में 510 रन दर्ज है। लिहाजा कोहली का अश्विन को भी पीछे छोड़ना भी तय माना जा रहा है।
गावस्कर के रिकॉर्ड को तोड़ना मुश्किल-
वेस्टइंडीज के खिलाफ पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर टेस्ट में 2746 रनों के साथ भारतीय क्रिकेटरों की सूची में अभी शीर्ष पर हैं। उनके बाद राहुल द्रविड़ 1978 रनों के साथ दूसरे, वीवीएस लक्ष्मण 1975 रनों के साथ तीसरे नंबर पर हैं। ऐसे में मौजूदा भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम में शामिल बल्लेबाजों को इन तीनों के आस-पास पहुंचना काफी मुश्किल नजर आ रहा है।
दोनों देशों के बीच अबतक खेले जा चुके हैं 94 टेस्ट-
वेस्टइंडीज और भारत के बीच 1948 से अब तक कुल 94 टेस्ट मैच खेले गये हैं जिनमें वेस्टइंडीज ने 30 तथा भारत ने 28 जीते हैं जबकि 46 मैच ड्रॉ रहे हैं। मौजूदा सीरीज में भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला मैच राजकोट में चार अक्टूबर से खेला जाएगा तथा दूसरा टेस्ट 12 अक्टूबर से हैदराबाद में होगा। इसके बाद पांच वनडे और तीन टी 20 मैचों की सीरीज होनी है।