क्रिकेट

IND W vs PAK W Weather Report: क्या आज भारत-पाकिस्तान मैच में बारिश बनेगी विलेन? जानें बर्मिंघम के मौसम का हाल

IND W vs PAK W, Birmingham Weather Report: भारतीय महिला टीम और पाकिस्‍तान महिला टीमों के बीच आज बर्मिंघम में विमेंस टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 का बड़ा मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच के दौरान बारिश की संभावना है। मैच से पहले बर्मिंघम के मौसम की रिपोर्ट जानते हैं।

2 min read
Jun 14, 2026
IND W vs PAK W Weather Report
बर्मिंघम स्थित एजबेस्‍टन का मैदान। (फाइल फोटा सोर्स: एक्‍स@/cricplusplus)

India W vs Pakistan W Weather Report: आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 (ICC Women's T20 World Cup 2026) में रविवार 14 जून को भारत और पाकिस्तान के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाना है। ये मैच बर्मिंघम के एजबेस्‍टन में भारतीय समयानुसार, शाम सात बजे से शुरू होगा। वनडे वर्ल्‍ड कप जीतकर हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया जहां अपने टी20 वर्ल्‍ड अभियान का आगाज जीत से करना चाहेगी। वहीं, फातिमा सना के नेतृत्‍व वाली पाकिस्‍तान भी पहली जीत के इरादे से उतरेगी। ऐसे में दोनों चिरप्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच क्रिकेट फैंस को एक कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। आइये इस मैच से पहले मैच के दौरान बर्मिंघम के मौसम का हाल आपको बताते हैं।

बर्मिंघम के मौसम का हाल

एक्‍यूवेदर के मुताबिक, रविवार को बर्मिंघम के आसमान में दिनभर बादलों की आवाजाही रहेगी। दिन के समय बारिश की 10 प्रतिशत संभावना जताई गई है तो रात को 21 प्रतिशत बारिश की संभावना है। ऐसे में कुछ देर के लिए मैच में रुकावट हो सकती है। सबकुछ पूर्वानुमान के अनुसार, रहा तो दर्शक पूरे मैच का लुत्‍फ उठा सकेंगे। इस दौरान करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्‍यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक जानें का पूर्वानुमान है।

टॉस की भूमिका होगी अहम

भारत और पाकिस्‍तान के मैच के दौरान रात के समय एजबेस्‍टन के मैदान पर ओस आने की भी संभावना है। ऐसे में टॉस की भूमिका अहम हो जाती है, क्‍योंकि ओस के दौरान दूसरी पारी में गेंद अच्‍छे से ग्रिप नहीं करती है। ओस के फैक्‍टर को देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम की कप्‍तान पहले गेंदबाजी का विकल्‍प चुनना पसंद करेगी।

इंडिया विमेंस स्क्वॉड

स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्‍तान), भारती फुलमाली, रिचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, श्री चरणी, राधा यादव, अरुंधति रेड्डी, यस्तिका भाटिया और नंदनी शर्मा

पाकिस्तान विमेंस स्क्वॉड

गुल फिरोजा, मुनीबा अली (विकेटकीपर), सायरा जबीन, आयशा जफर, इरम जावेद, फातिमा सना (कप्‍तान), आलिया रियाज, नतालिया परवेज, आयमान फातिमा, डायना बेग, नशरा संधू, रमीन शमीम, सादिया इकबाल, तुबा हसन और तस्मिया रुबाब।

Published on:
14 Jun 2026 12:06 pm