
नई दिल्ली। केपटाउन टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के हाथों मिले हार का बदला जूनियर टीम ने ले लिया। न्यूजीलैंड में आयोजित अंडर 19 वर्ल्ड कप के अभ्यास मैच में भारतीय अंडर 19 क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीकी टीम को 189 रनों के भारी अंतर से पटखनी दी। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया अंडर 19 टीम ने आठ विकेट के नुकसान पर 332 रन का स्कोर खड़ा किया। जिसके जवाब में अफ्रीका की पूरी टीम महज 143 रन पर सिमट गई। टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने आर्यन जुयाल (86) और हिमांशु राणा (68) की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी के दम पर 332 का स्कोर बनाया। जिसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने सटीक गेंदबाजी करते हुए अफ्रीकी टीम की हार तय कर दी। भारत की ओर से गेंदबाजी में ईशान पोरेल ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए, वहीं कमलेश नागरकोटी, शिवा सिंह और अभिषेक शर्मा को 2-2 विकेट मिले।
टीम इंडिया की दमदार बल्लेबाजी
मैच में पहले बल्लेजबाजी करने उतरे भारतीय टीम को सलामी बल्लेबाजों ने ठोस शुरुआत दी। पहले विकेट के लिए पृथ्वी शॉ और मनजोर कालरा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हई। जिसके बाद आर्यन जुयाल और हिमांशु राणा ने टीम इंडिया की दमदार पारी के दम पर भारत बड़ा स्कोर बनाने में सफल रहा। आर्यन और हिमांशु के बीच चौथे विकेट के लिए 138 रनों की साझेदारी की। अंतिम ओवरों में अभिषेक शर्मा ने 19 गेंद में 35, अनुकूल रॉय ने 21 गेंद में 28 और कमलेश नागरकोटी ने 17 गेंद में 26 रनों की तेज पारी खेली।
ईशान की घातक गेंदबाजी
बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन के बाद भारतीय गेंदबाजों ने भी क्राइस्टचर्च में जमकर अपनी चमक बिखेरी। भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ बने बंगाल के तेज गेंदबाज ईशान पोरेल। पोरेल ने मैच में कुल चार विकेट हासिल करते हुए अफ्रीकी बल्लेबाजों को संभलने का एक भी मौका नहीं दिया। बता दें कि सोमवार को केपटाउन में भारतीय क्रिकेट टीम को अफ्रीकी टीम के हाथों मुंह की खानी पड़ी थी।