
नई दिल्ली। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी 6 एकदिवसीय मैचों की सीरीज का आखिरी मैच कल (शुक्रवार) को खेला जाएगा। भारतीय टीम इस मैच को जीत कर सीरीज 5-1 के अंतर से अपने नाम करना चाहेगी। वहीं दूसरी ओर मेजबान टीम टी-20 सीरीज से पहले अपना मनोबल बढ़ाए रखने के उद्देश्य से इस मैच को जीतना चाहेगी। सेंचुरियन में खेले जाने वाले इस मैच में भारतीय कप्तान विराट कोहली अपने बेंच स्ट्रेंथ को भी आजमा सकते हैं। हालांकि इसकी संभावना काफी कम है। कारण कि कोहली पांचवें मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में यह कह चुके है कि भारतीय टीम सीरीज को 5-1 के अंतर जीतना चाहती है। इस कारण टीम अपनी ताकत के साथ उतरना चाहेगी।
सीरीज के इस आखिरी मैच में कई टीम रिकॉर्ड के साथ-साथ कई व्यक्तिगत कीर्तिमान बनने की भी संभावना है। आईए नजर डालते है उन रिकॉर्डों पर जो कल के मैच में बन सकते हैं।
10 हजारी क्लब में शामिल हो सकते हैं धोनी
भारतीय विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी इस मैच में 10 हजारी क्लब में शामिल हो सकते हैं। इस उपलब्धि को पाने के लिए धोनी को महज 33 रनों की और जरूरत है। यदि धोनी इस मैच में ऐसा कर पाते हैं, तो वे भारत की ओर से एकदिवसीय क्रिकेट में 10 हजार रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज बन जाएंगे। बता दें कि इससे पहले सचिन तेंदुलकर , सौरभ गांगुली और राहुल द्रविड़ 10 हजार रनों का आंकड़ा हासिल कर चुके हैं।
दुनिया के दूसरे विकेटकीपर बनेंगे धोनी -
महेंद्र सिंह धोनी 10 हजार के क्लब में शामिल होने वाले दुनिया के दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बनेंगे। धोनी से पहले श्रीलंका के विकेटकीपर कुमार संगकारा के बल्ले से 10 हजार से ज्यादा रन निकल चुके है। धोनी 10 हजार रन और 400 से ज्यादा शिकार लेने के मामले में भी दुनिया के दूसरे विकेटकीपर बनेगे।
रहाणे पूरे करेंगे तीन हजार रन-
अजिंक्य रहाणे के पास भी इस मैच में एक बड़ा रिकॉर्ड कायम करने का अवसर होगा। वे अगर अंतिम मैच में 72 रन बना लेते हैं, तो एकदिवसीय क्रिकेट में अपने तीन हजार रन पूरे कर लेगे।
गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ सकते हैं डिविलियर्स -
चोट के कारण शुरुआती तीन मैचों में टीम से बाहर रहे एबी डीविलियर्स के लिए भी यह मैच बड़ा होगा। वे 72 रन बनाने के साथ ही एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में एडम गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ देगे।
कुलदीप और चहल बनाएंगे बड़ा रिकॉर्ड -
सीरीज में बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले भारतीय युवा स्पिनर कुलदीप यादव और यजुवेंद्र चहल की जोड़ी ने अबतक इस सीरीज में 30 विकेट निकाल चुके है। ये किसी भी भारतीय जोड़ी के लिए रिकॉर्ड है। ऐसे में कल के मैच में इन दोनों को जो भी सफलता मिलेगी, वो इस रिकॉर्ड की ऊंचाई को और बढ़ा देगी।