
India vs Sri Lanka, Asian Games 2026 Live Details:एशियन गेम्स 2026 के वूमेंस क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें टूर्नामेंट में अब तक अजेय हैं और दोनों ही टीमें पिछले एशियन गेम्स के फाइनल में आमने-सामने हुई थीं, जहां भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल जीता था। इस मुकाबले में भी भारतीय टीम की नजर गोल्ड मेडल पर होगी। जिस मैच पर पूरे देश की नजर है। ऐसे में चलिए जानते हैं भारत में कब और कहां लाइव मैच देख सकते हैं?
भारत और श्रीलंका के बीच वूमेंस एशियन गेम्स क्रिकेट टूर्नामेंट का गोल्ड मेडल मैच मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। मुकाबला कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जाएगा, जिसके लिए टॉस सुबह 10:00 बजे होगा। इसी मैदान पर टूर्नामेंट के सभी मुकाबले खेले गए हैं और पिच अब तक बल्लेबाजों के लिए मददगार साबित हुई है। हालांकि, इस दौरान स्पिन गेंदबाजों को भी मदद मिली है। यही वजह है कि टॉप विकेट टेकर्स में श्री चरणी और दीप्ति शर्मा का नाम सबसे ऊपर है। दोनों ने मिलकर अभी तक सिर्फ दो ही मुकाबलों में 10 विकेट हासिल कर लिए हैं।
भारतीय टीम ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जापान को 8 विकेट से हराया था, तो वहीं सेमीफाइनल में उसने बांग्लादेश को 114 रन से हराया। दूसरी ओर, श्रीलंका का भी अजेय अभियान जारी है, जहां उसने पहले मुकाबले में मलेशिया को 86 रन से हरा दिया था, तो वहीं सेमीफाइनल में उसने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया था।
खिताबी मुकाबले से पहले वूमेंस क्रिकेट टूर्नामेंट का ब्रॉन्ज मेडल मैच भी खेला जाएगा, जो भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे शुरू होगा। इस मुकाबले में पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें आमने-सामने होंगी। खास बात यह है कि पिछले एशियन गेम्स के ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में भी पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच टक्कर हुई थी, जहां बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराकर कांस्य पदक जीता था। पाकिस्तान की टीम खाली हाथ लौटी थी। इस बार पाकिस्तान की टीम कम से कम एक मेडल लेकर वापस जाना चाहेगी।
इन मुकाबलों को सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव ऐप पर लाइव देखा जा सकता है। इसके अलावा, भारत और श्रीलंका के बीच खेले जाने वाले खिताबी मुकाबले को सोनी लिव ऐप, सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के अलावा डीडी स्पोर्ट्स पर भी लाइव देखा जा सकेगा।