
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 11वें संस्करण का रोमांच दिनों-दिन खेल प्रेमियों पर हावी होता जा रहा है। जैसे-जैसे मुकाबले खेले जा रहे हैं, प्वाइंट टेबल से लेकर नए-पुराने रिकॉर्ड में भी फेरबदल देखने को मिल रहा है। इन रिकॉर्डों के साथ-साथ दो भारतीय दिग्गजों के बीच भी एक जबरदस्त जंग छिड़ी हुई है। ये जंग है रनों के सरताज कहलाने की। जी हां, आईपीएल में रनों का सरताज कौन हो, इस लिए भारतीय कप्तान विराट कोहली और सुरेश रैना के बीच ये मुकाबला चल रहा है।
रैना को पछाड़ कर कोहली बने थें सरताज-
इस सीजन की शुरुआत में सुरेश रैना चोटिल होने के कारण दो मैचों के लिए खेल नहीं पाए थे। इसका बेहतरीन फायदा उठाते हुए विराट कोहली ने उन्हें रनों के सरताज की कुर्सी से उतार दिया था।
वापसी करते ही रैना ने छोड़ा पीछे-
चोट के कारण दो मैचों के लिए बाहर हुए सुरेश रैना ने जबरदस्त वापसी करते हुए विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। रैना ने बीते दिनों रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 46 रन की तेजतर्रार पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड फिर से अपने नाम कर लिया।
आज फिर है दोनों के बीच मुकाबला-
आज चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैंलेजर बेंगलोर के बीच फिर से मुकाबला होना है। देखना है आज के मैच के बाद इन दोनों में से कौन अपने पास रनों के सरताज की पदवी रखता है। आईपीएल में अभी सुरेश रैना के नाम पर 4658 रन है। जबकि विराट कोहली के नाम पर 4649 रन है।
इस मामले में भी छिड़ी है ये जंग-
इन दोनों दिग्गजों के बीच आईपीएल में केवल रनों के मामले में ही जंग नहीं छिड़ी है। बल्कि इन दोनों के बीच अर्धशतक लगाने की भी होड़ चल रही है। अभी हाल ही में सुरेश रैना ने अर्धशतक लगाने के मामले में विराट कोहली की बराबरी की थी। कोहली के आईपीएल में अब तक 32 अर्धशतक है। रैना ने हैदराबाद के खिलाफ अर्धशतक लगाकर यह रिकॉर्ड बराबर कर लिया है। इस समय ये दोनों बल्लेबाज प्रचंड फार्म में है। अब देखना है कि कौन किसे पीछे छोड़ता है।