
नई दिल्ली। विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल (नाबाद 104) के बेहतरीन शतक के बाद अपने गेंदबाजों के अनुशासित गेंदबाजी की बदौलत किंग्स इलेवन पंजाब ने मोहाली आईपीएल की पूर्व चैंपियन टीम सनराइजर्स हैदराबाद को हरा दिया। टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब की टीम ने गेल के शानदार शतक के दम पर 193 रनों का स्कोर खड़ा किया था। जिसका पीछा करने उतरी हैदराबाद की निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 178 रन ही बना सकी। इस बेहतरीन प्रदर्शन के साथ ही पंजाब ने इस सीजन में अपने जीत की संख्या तीन पर पहुंचा दी। जबकि तीन लगातार मैच जीत चुकी हैदराबाद की टीम को पहली बार हार का स्वाद चखना पड़ा।
मनीष पांडे और कप्तान विलियमसन का अर्धशतक-
हैदराबाद के लिए मनीष पांडे ने 42 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के के दम पर सर्वाधिक नाबाद 57 रन बनाए। कप्तान केन विलियम्सन ने 41 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 54 रन बनाए। विलियम्सन का यह पांचवां आईपीएल अर्धशतक है। इसके अलावा यूसुफ पठान ने 13 गेंदों पर तीन चौके के सहारे 19 रन का योगदान दिया। शाकिब अल हसन ने 12 गेंदों पर एक चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 24 रन बनाए। पंजाब के लिए एंड्र टाई ने 23 रन पर दो विकेट और मोहित शर्मा ने 51 रन पर दो विकेट हासिल किया।
क्रिस गेल के सामने सब गेंदबाज हुए फेल -
इससे पहले, करिश्माई विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल के 63 गेंदों पर एक चौके और 11 छक्कों से सजी 104 रन की नाबाद शतकीय पारी के दम पर किंग्स इलेवन पंजाब ने तीन विकेट पर 193 रन का विशाल स्कोर बनाया। आईपीएल के इतिहास में गेल का यह छठा शतक है। गेल ने मैच के 14वें और राशिद खान के तीसरे ओवर में लगातार चार आसमानी छक्के उड़ाए। गेल ने अपने पहले 50 रन 39 गेंदों पर और दूसरे 50 रन मात्र 19 गेंदों में ही पूरा किए। गेल आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
करुण नायर और फिंच की भी उपयोगी पारी-
38 साल के गेल ने लोकेश राहुल के साथ पहले विकेट के लिए 53, मयंक अग्रवाल के साथ दूसरे विकेट के लिए 30, करुण नायर के साथ तीसरे विकेट के लिए 85 और एरॉन फिंच के साथ चौथे विकेट के लिए 25 रन की साझेदारी निभाई। गेल के अलावा राह़ुल ने 21 गेंदों पर तीन चौकों के सहारे 18, मयंक ने नौ गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 18, करुण ने 21 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की बदौलत 31 और फिंच ने छह गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 14 रन बनाए। हैदराबाद के लिए राशिद खान ने 55 रन पर एक विकेट लिया। टी-20 में राशिद का अब तक यह सबसे महंगा स्पेल है।