क्रिकेट

IPL 2018: पंजाब पर RCB की विराट जीत, क्या फिक्स था ये मैच!

आरसीबी के सामने पंजाब की टीम जिस तरीके से नतमस्तक हुई उसे देखते हुए सोशल मीडिया पर लोगों ने मैच फिक्सिंग का बड़ा आरोप मढ़ा है।
2 min read
• •
Updated: 14 May 2018, 11:21 PM IST
ipl

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 48वें मैच में किंग्स इलेवन पंजाब का सामना रॉयल चैलेंजर बेंगलोर से हुआ। इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मजबूत बल्लेबाजी के लिए मशहूर पंजाब की टीम मात्र 88 रन बना कर ऑल आउट हो गई। इस मामूली से लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की टीम ने बड़ी आसानी से इस लक्ष्य को हासिल कर लिया। पंजाब के गेंदबाज आरसीबी का एक भी विकेट नहीं चटका सके। आरसीबी की ओर से कप्तान कोहली और पार्थिव पटेल की सलामी जोड़ी ने आसानी से अपनी टीम को जीत दिला थी।

पंजाब की लचर बल्लेबाजी-
आईपीएल के 11वें सीजन में जिस टीम ने अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया है, उसमें किंग्स इलेवन पंजाब भी शामिल है। पंजाब के दो बल्लेबाज टॉप स्कोरर में शामिल रहे हैं। लोकेश राहुल तो अब भी आरेंज कैंप के बड़े हकदार माने जा रहे है। साथ में शुरुआती समय में क्रिस गेल भी आरेंज कैंप पर अपना कब्जा जमा चुके है। लेकिन इस मैच में इन दोनों दिग्गजों का बल्ला खामोश रहा।

कोई भी बल्लेबाज नहीं टिका-
पंजाब की ओर से इस मैच में सभी बल्लेबाज लंबी पारी खेलने में नाकाम रहे। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल 21 जबकि एरोन फिंच 26 रन बना सके। गेल ने 18 रनों की पारी खेली। इन तीनों के अलावा पंजाब के सभी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सके।

सोशल मीडिया पर उड़ा मजाक-
इस मैच में पंजाब की टीम ने जिस तरह का प्रदर्शन किया। उसका सोशल साइट ट्विटर, फेसबुक पर जमकर मजाक उड़ाया गया। कई यूजरों ने बेहद ही तल्ख लहजे में ये लिखा कि ये मैच फिक्स था। इसके पीछे लोगों ने ये तर्क गिनाए कि जो टीम पिछले मैच में 200 से ज्यादा का स्कोर कर रही है, वो इस मैच में महज 88 रन पर कैसे आउट हो गई?

तीन बल्लेबाज हुए रन आउट-
इस मैच में पंजाब की ओर से तीन बल्लेबाज रन आउट हुए। पिछले मैच में केकेआर के खिलाफ इसी मैदान पर बेहतरीन पारी खेलने वाले कप्तान आर. अश्विन बेहद ही नाटकीय तरीके से बिना कोई रन बनाए रन आउट हुए। इसके बाद आखिरी में मोहित शर्मा और अंकित राजपूत भी रन आउट हुए। इन क्रिकेटरों को पहले से पता था टीम ने बेहद कम स्कोर बनाया है, फिर भी जिस तरीके से ये बल्लेबाज रन आउट हुए वो एक बड़ा सवालिया निशान छोड़ गया।

पंजाब की गेंदबाजी भी रही फिकी-
जिस मैदान पर सूरमा बल्लेबाजों से सजी पंजाब की टीम महज 88 रन बना कर आउट हुई। उसी मैदान पर पंजाब के गेंदबाज एक भी विकेट नहीं चटका सके। यहां आपको बता दें कि आईपीएल के इस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज एंड्रयू टाई पंजाब की टीम में ही है। लेकिन उनकी गेंदबाजी भी धारहीन दिखी।

मुजीब को रखा बाहर-
इस मैच में पंजाब की ओर से मुजीब उर रहमान को बाहर रखा गया। अफगानिस्तानी युवा गेंदबाज मुजीब पंजाब के लिए इस सीजन में बेहद प्रभावशाली साबित हुए है। बेशक वो पिछले मैच में चोटिल थे, लेकिन चोट लगने के बाद भी मुजीब ने पिछले मैच में गेंदबाजी की थी। इसके बाद भी उन्हें आज के मैच क्यों शामिल नहीं किया गया। ये वो तर्क है, जो मैच के दौरान और समाप्त होने के बाद क्रिकेट के प्रशंसक उठा रहे है।

Published on: