क्रिकेट

IPL 2026: CSK को बड़ा झटका, ओवरटन जांघ में चोट के कारण लीग से बाहर, टीम ने किया रिप्लेसमेंट का ऐलान

ओवरटन पहले ही इंग्लैंड लौट चुके हैं। चेन्नई सुपर किंग्स ने भी बुधवार देर रात अपने सोशल मीडिया पर पुष्टि की कि आगे की जांच और इलाज के लिए ओवरटन यूके वापस जा रहे हैं। इस सीजन की शुरुआत से ही CSK चोटों की समस्या से जूझ रही है।
2 min read
May 14, 2026
CSK playoff qualification scenario
पांच बार की IPL चैम्पियन चेन्‍नई सुपर किंग्‍स। (फोटो सोर्स: IANS)

Jamie Overton Injury, Chennai Super Kings, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने चोटिल जेमी ओवरटन की जगह साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर डायन फॉरेस्टर को टीम में शामिल कर लिया है। ओवरटन दाहिनी जांघ की चोट के कारण शेष सीजन से बाहर हो गए हैं। आईपीएल ने गुरुवार को आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि फॉरेस्टर को 75 लाख रुपये में ओवरटन की जगह साइन किया गया है।

चोटों का सिलसिला जारी

ओवरटन पहले ही इंग्लैंड लौट चुके हैं। चेन्नई सुपर किंग्स ने भी बुधवार देर रात अपने सोशल मीडिया पर पुष्टि की कि आगे की जांच और इलाज के लिए ओवरटन यूके वापस जा रहे हैं। इस सीजन की शुरुआत से ही CSK चोटों की समस्या से जूझ रही है। नाथन एलिस, खलील अहमद, आयुष म्हात्रे और रामकृष्ण घोष पहले से ही उपलब्ध नहीं हैं। दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी भी पिंडली की चोट के कारण अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं।

ओवरटन का योगदान

ओवरटन का सीजन से बाहर होना चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है, क्योंकि दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ओवरटन इस सीजन सीएसके के अहम खिलाड़ी साबित हुए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के आखिरी मुकाबले में जेमी ओवरटन लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 'मैन ऑफ द मैच' रहे थे। उन्होंने एलएसजी के खिलाफ 4 ओवर में 36 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए थे। ओवरटन की शानदार गेंदबाजी के बूते सीएसके जबरदस्त वापसी करते हुए एलएसजी को 203 रनों के टोटल पर रोकने में सफल रही थी। ओवरटन ने इस सीजन 17.78 की औसत से विकेट चटकाए हैं, जबकि उनका इकोनॉमी 8.89 का रहा है। गेंद के साथ-साथ ओवरटन ने बल्ले से भी अहम योगदान दिया है। वह 158 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 136 रन बना चुके हैं।

टीम की मौजूदा स्थिति

चेन्नई सुपर किंग्स इस सीजन 11 मैचों में 12 अंक लेकर प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है और पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है। टीम अपना अगला मैच 15 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ खेलेगी। CSK इस मुकाबले को जीतकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को मजबूत करना चाहेगी, जबकि LSG पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।

Updated on:
14 May 2026 06:13 pm
Published on:
14 May 2026 06:11 pm