IPL 2026 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने अपनी नई जर्सी लॉन्च कर दी है, लेकिन 'आर्मी प्रिंट' हटने से सोशल मीडिया पर फैंस भड़क गए हैं। देखिए CSK का पूरा नया अवतार और जानें फैंस ने और क्या कहा...
IPL 2026, CSK New Jersy: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने रविवार को IPL 2026 सीजन के लिए अपनी नई जर्सी से पर्दा उठा दिया है। टीम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "सब कुछ नया और सिर्फ आपके लिए! अपनी CSK जर्सी 2026 अभी ऑर्डर करें और अपने समर को 'येलोव' से भर दें!" हालांकि, जर्सी के सामने आते ही फैंस के बीच नई बहस छिड़ गई है। जहां कुछ फैंस को यह 'न्यू लुक' भा रहा है, वहीं हजारों फैंस कंधों से 'आर्मी प्रिंट' हटने की वजह से अपनी नाराजगी जता रहे हैं।
CSK की नई जर्सी लॉन्च होते ही सोशल मीडिया और रील के कमेंट सेक्शन में फैंस के बीच बहस छिड़ गई है। हजारों फैंस इस बात से थोड़े दुखी दिखे कि जर्सी के कंधों से सिग्नेचर 'आर्मी प्रिंट' (कैमफ्लाज) हटा दिया गया है। फैंस का कहना है कि उस आर्मी टच की बात ही कुछ और थी और उसे हटाना नहीं चाहिए था। वहीं, कुछ फैंस इस बदलाव से काफी खुश भी हैं। उनका मानना है कि आर्मी प्रिंट को पूरी तरह खत्म नहीं किया गया है, बल्कि उसे फ्रंट में दो पतली लाइनों के रूप में बहुत ही करीने से शामिल किया गया है, जो जर्सी को एक मॉडर्न और फ्रेश लुक दे रहा है।
5 बार की चैंपियन CSK के लिए पिछला साल (2025) काफी बुरा रहा था। टीम 14 में से 10 मैच हारकर पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही थी। इसी वजह से 2026 के लिए टीम ने बड़े फैसले लिए हैं। टीम ने अपना सबसे बड़ा ट्रेड किया। CSK ने रवींद्र जडेजा और सैम करन जैसे ऑलराउंडर्स को छोड़कर विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को अपनी टीम में शामिल किया है। वहीँ 44 साल के एमएस धोनी एक और सीजन खेलने के लिए तैयार हैं। 2025 में उनका बल्ला शांत रहा था (13 पारियों में 196 रन), लेकिन टीम को उम्मीद है कि इस बार वो छठा खिताब जिताएंगे। पिछले साल खराब प्रदर्शन के बीच डेवाल्ड ब्रेविस, आयुष म्हात्रे और उर्विल पटेल जैसे युवा खिलाड़ियों का उभरना टीम के लिए अच्छी खबर रही।
CSK ने इस बार नीलामी में दो अनकैप्ड (जिन्होंने इंटरनेशनल मैच न खेला हो) खिलाड़ियों पर पानी की तरह पैसा बहाया है। प्रशांत वीर (यूपी) 14.20 करोड़ रुपये में और कार्तिक शर्मा (राजस्थान) भी 14.20 करोड़ रुपये में टीम में शामिल हुए है। ये दोनों IPL इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं।
टीम में एमएस धोनी, संजू सैमसन, ऋतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे, नूर अहमद, मथीशा पथिराना (मैथ्यू शॉर्ट), राहुल चाहर, खलील अहमद, मुकेश चौधरी, जेमी ओवरटन, नाथन एलिस, अकील हुसैन, मैट हेनरी, सरफराज खान, डेवाल्ड ब्रेविस, आयुष म्हात्रे, उर्विल पटेल, प्रशांत वीर, कार्तिक शर्मा, अंशुल कम्बोज, गुरजपनीत सिंह, रामकृष्ण घोष, श्रेयस गोपाल, अमन खान और जैक फॉल्क्स हैं।