
Axar Patel Tribute to Road Accident Fans: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ जयपुर के मैदान पर एक ऐसी जीत दर्ज की जो इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गई। लेकिन इस ऐतिहासिक जीत से ज्यादा चर्चा उस भावुक संदेश की है, जो कप्तान अक्षर पटेल ने मैच के बाद दिया। अक्षर ने यह जीत उन दो नन्हें DC फैंस को समर्पित की, जिन्होंने मैच देखकर घर लौटते समय एक सड़क हादसे में अपनी जान गंवा दी।
राजस्थान रॉयल्स को उनके ही घर में हराने के बाद जब अक्षर पटेल प्रजेंटेशन के लिए आए, तो उनकी आंखों में नमी थी। उन्होंने कहा, 'मैं इस जीत को अपने उन दो फैंस को समर्पित करना चाहता हूं जिन्हें हमने पिछले मैच के बाद खो दिया। वे हमारे DC परिवार का हिस्सा थे। यह जीत उनके नाम है।'
हादसा दिल्ली के अशोक रोड पर हुआ था। 20 साल का यज्ञ भाटिया और उसका 14 साल का छोटा भाई अभाव भाटिया, दिल्ली और बेंगलुरु (RCB) का मैच देखकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। अभाव ने मरने से कुछ मिनट पहले ही अपने पिता को फोन कर कहा था, 'पापा, बस आधे घंटे में घर पहुंच रहा हूं।' लेकिन वो आधा घंटा कभी नहीं आया। महादेव रोड टी-पॉइंट के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची, दोनों खून से लथपथ थे। अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। ये दोनों भाई DC टोली के एक्टिव मेंबर थे।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह मैच जीतना बहुत जरूरी था क्योंकि वे पिछले तीन मैच हार चुके थे। राजस्थान ने पहले बैटिंग करते हुए रियान पराग की 90 रनों की पारी की बदौलत 225 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में दिल्ली ने वो कर दिखाया जो उसने पहले कभी नहीं किया था। केएल राहुल (75 रन) और पथुम निसांका (62 रन) ने ऐसी शुरुआत दी कि राजस्थान के गेंदबाज पस्त हो गए। अंत में आशुतोष शर्मा ने मात्र 18वें ओवर में 16 रन कूटकर मैच दिल्ली की झोली में डाल दिया। यह दिल्ली कैपिटल्स के इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज (226 रन) था।