क्रिकेट

कौन है माधव तिवारी, जिसने पंजाब किंग्स के मुंह से छीन ली जीत, फिर मैच के बाद दिया बड़ा बयान

Madhav Tiwari in IPL 2026: धर्मशाला में दिल्ली कैपिटल्स के माधव तिवारी ने धमाकेदार प्रदर्शन किया और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
2 min read
• •
May 12, 2026
madhav tiwari
लुंगी एनगिडी के साथ माधव तिवारी (फोटो- IANS)

Who is Madhav Tiwari: आईपीएल 2026 के 55वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत में अहम भूमिका निभाने वाले माधव तिवारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। माधव का यह सिर्फ दूसरा आईपीएल मैच था, जहां उन्होंने पहले गेंद से धार दिखाई और फिर बल्ले से कमाल की पारी खेलते हुए पंजाब किंग्स के मुंह से जीत छीन ली। साथ ही उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के प्लेऑफ्स में पहुंचने की उम्मीदों को भी जिंदा रखा। अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर सोशल मीडिया पर छाने वाले माधव तिवारी सिर्फ 22 साल के हैं और मध्य प्रदेश के मूल निवासी हैं।

पिछले सीजन किया था डेब्यू

पिछले सीजन आईपीएल डेब्यू करने वाले माधव ने पहले गेंदबाजी के दौरान पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली का बड़ा विकेट अपने नाम किया। इसके बाद उन्होंने अंत के ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 8 गेंदों में 18 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स को इस सीजन की पांचवीं जीत दिलाई। माधव को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

अपने शानदार प्रदर्शन के बारे में बात करते हुए माधव ने कहा, "मैं सबसे पहले टीम मैनेजमेंट को यह मौका देने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं, और मैं बहुत लकी हूं कि मैं यहां जीतने वाली टीम में शामिल हो सका। माइंडसेट हमेशा यही रहता है कि अगर चीजें आपके हाथ में नहीं हैं, तो आप हर प्रैक्टिस सेशन में बेहतर करने की कोशिश करें। मैंने मुनाफ पटेल के साथ अपनी गेंदबाजी पर काफी काम किया, और मैंने बल्लेबाजी कोच के साथ अपनी रेंज-हिटिंग और ऐसी चीजों पर लगातार मेहनत की। मुझे खुशी है कि मैं टीम के लिए योगदान दे पाया।"

किस तरह के ऑलराउंडर हैं माधव?

माधव से जब पूछा गया कि वह बल्लेबाजी या गेंदबाजी ऑलराउंडर में से क्या हैं, इसके जवाब में उन्होंने कहा कि वह 100 प्रतिशत बल्लेबाज और 100 प्रतिशत गेंदबाज हैं। मैच में अपने गेंदबाजी प्लान बताते हुए माधव ने कहा, "मुझे लगता है कि विकेट से लेंथ बॉल को मदद मिल रही थी, इसलिए मैं शुरू में उसी पर टिका रहा। मैं बीच-बीच में वाइड गेंदों और शॉर्ट गेंदों के साथ इसे मिक्स करने की कोशिश कर रहा था। मैं पूरी तरह से तैयार था और पिच से तेज गेंदबाजों को मदद भी मिल रही थी।"

माधव ने बताया कि दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजी कोच इयान बेल ने उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा, "हमारे बल्लेबाजी कोच (इयान बेल) ने मुझसे बस इतना कहा, 'तुम्हारे पास पावर है, तुम्हारे पास सब कुछ है। बस कुछ अलग करने की कोशिश मत करो। बस अपना शेप बनाए रखो और गेंद को देखकर शॉट खेलो।"

कौन है माधव तिवारी?

माधव तिवारी मध्य प्रदेश के युवा तेज गेंदबाज हैं, जो इंदौर डिवीजन की अंडर-15 और अंडर-18 टीमों के लिए खेल चुके हैं। IPL 2025 के ऑक्शन में माधव को 40 लाख में दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा था और 2026 के ऑक्शन से पहले उन्हें रिटेन किया। माधव मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग में भी 2 सीजन खेल चुके हैं। वह मध्य प्रदेश की अंडर 19 और अंडर 23 टीम का भी प्रधिनिधित्व कर चुके हैं।

Updated on:
12 May 2026 11:32 am
Published on:
12 May 2026 11:32 am