IPL 2026, DC vs PBKS: नितीश राणा और केएल राहुल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड बना लिया है।
Nitish Rana and KL Rahul IPL Record: आईपीएल 2026 का 35वां मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स आमने-सामने हैं। इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स पहले बल्लेबाजी कर रही है। टीम को शुरुआती झटका जरूर लगा, लेकिन इसके बाद नितीश राणा और केएल राहुल ने पारी को संभाल लिया। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर टीम को 150 रन के पार पहुंचा दिया।
पारी के 12वें ओवर में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज जेवियर बार्टलेट के खिलाफ नितीश राणा बेहद आक्रामक हो गए। उन्होंने पहली गेंद पर छक्का जड़ा और अगली दो गेंदों पर लगातार दो चौके लगाए, जिससे उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद भी राणा नहीं रुके और अगली दो गेंदों पर दो चौके लगाए। आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर ओवर खत्म किया और इस ओवर से कुल 28 रन बटोरे।
इसके साथ ही नितीश राणा और केएल राहुल के बीच 160 रनों की शानदार साझेदारी हो गई। यह पंजाब किंग्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे बड़ी साझेदारी भी है। आईपीएल के इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स के लिए पंजाब किंग्स के खिलाफ सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड पहले वीरेंद्र सहवाग और डेविड वॉर्नर के नाम था, जिन्होंने 2011 में 141 रन जोड़कर ये कारनामा किया था। अब राहुल और नितीश राणा की जोड़ी 160 रन जोड़कर सबसे आगे निकल गए हैं।
मयंक अग्रवाल और युवराज सिंह ने 2015 में 106 रनों की साझेदारी की थी। वहीं मयंक अग्रवाल और श्रेयस अय्यर ने भी 2015 में 106 रन जोड़े थे। लेकिन अब राहुल और नितीश राणा की जोड़ी इन सभी से आगे निकल गई है और नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
आपको बता दें कि पंजाब किंग्स इस सीजन इकलौती टीम है, जो अब तक हारी नहीं है। वह अंक तालिका में सबसे आगे है और प्लेऑफ में पहुंचना उनके लिए आसान माना जा रहा है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स 6 में से 3 मैच जीत सकी है और अंक तालिका में छठे स्थान पर है। इस मुकाबले को जीतकर दिल्ली कैपिटल्स सीधे टॉप 4 में जगह बना लेगी, जबकि हार के बावजूद पंजाब किंग्स की टीम पहले स्थान पर बनी रहेगी।