क्रिकेट

बचे हुए 8 में से 6 मैचों के नतीजे तय करेंगे दिल्ली कैपिटल्स की किस्मत, ऐसे मिलेगा अंतिम 4 का टिकट

Delhi Capitals Playoffs Scenario: दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर अपने अंतिम 4 में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है लेकिन उनकी किस्मत का फैसला अन्य टीमों के नतीजों से होगा।
2 min read
May 18, 2026
Mitchell Starc and Axar Patel
मिचेल स्टार्क और अक्षर पटेल (फोटो- IANS)

DC Playoffs Scenario In IPL 2026: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आईपीएल 2026 का 62वां मुकाबला खेला गया, जिसमें राजस्थान रॉयल्स को हराकर दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार जीत हासिल की। इस जीत के साथ उनकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार हैं। दिल्ली कैपिटल्स फिलहाल अंक तालिका में सातवें स्थान पर है। उन्होंने 13 मुकाबले खेले हैं और 12 अंक हासिल किए हैं। हालांकि अभी भी दिल्ली कैपिटल्स का नेट रनरेट सभी टीमों में सबसे खराब है, लेकिन इसके बावजूद टीम प्लेऑफ में पहुंच सकती है। हालांकि उनकी राह थोड़ी मुश्किल जरूर है।

इन टीमों के जीतते ही खत्म हो जाएगी DC की उम्मीदें

दिल्ली कैपिटल्स को अपना आखिरी मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से खेलना है, जो लीग स्टेज का भी आखिरी मैच होगा। ऐसे में इस सीजन बचे हुए आठ मुकाबलों में से छह मैचों के नतीजों पर दिल्ली कैपिटल्स के भविष्य का फैसला होगा। दिल्ली कैपिटल्स को अंतिम चार में पहुंचने के लिए सिर्फ अपना आखिरी मुकाबला जीतना ही नहीं होगा, बल्कि यह भी उम्मीद करनी होगी कि राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स अपने-अपने मुकाबले हार जाएं।

आपको बता दें कि अगर चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के मुकाबले में चेन्नई, राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स जीतती है, तो दिल्ली कैपिटल्स के अंतिम 4 में पहुंचने की उम्मीदें बनी रहेंगी। कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के मैच का दिल्ली कैपिटल्स के प्लेऑफ समीकरण पर कोई असर नहीं पड़ेगा। लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाले मुकाबले में अगर चेन्नई जीत जाती है, तो दिल्ली कैपिटल्स की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी।

मुश्किल है दिल्ली कैपिटल्स की राह

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाने वाला मुकाबला भी दिल्ली के समीकरण पर ज्यादा असर नहीं डालेगा। लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच होने वाले मुकाबले में अगर पंजाब जीत जाती है और मुंबई इंडियंस के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स भी जीत जाती है, तो दिल्ली कैपिटल्स की उम्मीदें समाप्त हो जाएंगी।

आखिरी मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। इस मैच तक पहुंचते-पहुंचते दिल्ली कैपिटल्स के सामने सभी समीकरण साफ हो जाएंगे। लेकिन अंतिम चार में पहुंचने के लिए दिल्ली कैपिटल्स को यह मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। तभी वह प्लेऑफ में जगह बना पाएगी।

Updated on:
18 May 2026 07:49 am
Published on:
18 May 2026 07:49 am