क्रिकेट

GT vs SRH: सिराज-रबाडा ने मचाई सनसनी, लगातार 5वीं जीत दर्ज कर टॉप पर पहुंची गुजरात टाइटंस

Gujarat Titans vs Sunrisers Hyderabad: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम सिर्फ 86 रन पर ढेर हो गई। टीम के लिए सबसे ज्यादा रन कप्तान पैट कमिंस ने बनाए।

2 min read
May 13, 2026
IPL 2026 GT vs SRH: विकेट लेने के बाद कगिसो रबाडा के साथ जश्न मनाते हुए मोहम्मद सिराज (IANS)

IPL 2026 GT vs SRH Highlights: आईपीएल 2026 के 56वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से धूल चटाकर अंक तालिका में पहले स्थान पर कब्जा कर लिया। यह शुभमन गिल एंड कंपनी की सीजन की 8वीं जीत है, जिससे उनके अंतिम 4 की टिकट लगभग पक्की हो गई है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 168 रन बनाए। 169 रन के जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम सिर्फ 86 रन पर ही ढेर हो गई।

ये भी पढ़ें

GT vs SRH: साई सुदर्शन ने हैदराबाद के गेंदबाजों की बनाई रेल, अर्धशतक के साथ हेनरिक क्लासेन से छीनी ऑरेंज कैप

GT की शुरुआत रही खराब

गुजरात टाइटंस 12 मुकाबलों में 8 जीत के साथ प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गई है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद 12 मुकाबलों में पांचवीं हार के बाद तीसरे पायदान पर है। मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर है। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस ने 5 विकेट खोकर 168 रन बनाए। इस टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। जीटी को महज 26 के स्कोर तक दो झटके लग गए थे। इसके बाद साईं सुदर्शन ने निशांत संधु के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी की।

संधु 14 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद साईं सुदर्शन ने वॉशिंगटन सुंदर के साथ चौथे विकेट के लिए 41 गेंदों में 60 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्थिति में पहुंचा दिया। सुदर्शन 44 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 61 रन बनाकर आउट हुए। यहां से वॉशिंगटन ने जेसन होल्डर के साथ पांचवें विकेट के लिए 40 रन जुटाए। वॉशिंगटन 33 गेंदों में 1 छक्के और 7 चौकों के साथ 50 रन बनाकर आउट हुए। विपक्षी खेमे से प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन ने 2-2 विकेट निकाले। पैट कमिंस के नाम 1 विकेट रहा।

169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद 14.5 ओवरों में सिर्फ 86 रन पर सिमट गई। इस टीम को पारी की चौथी गेंद पर ट्रेविस हेड (0) के रूप में बड़ा झटका लग गया था। उन्होंने मोहम्मद सिराज ने आउट किया। उस समय तक टीम का खाता भी नहीं खुल सका था। इसके बाद टीम ने 6 के स्कोर पर अभिषेक शर्मा को कगिसो रबाडा ने आउट कर दिया।

ईशान किशन (11) ने स्मरण रविचंद्रन (9) के साथ तीसरे विकेट के लिए 17 रन जुटाए। हेनरिक क्लासेन (14) ने सलिल अरोड़ा के साथ पांचवें विकेट के लिए 23 गेंदों में 24 रन जोड़े, लेकिन यह साझेदारी टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी थी। सलिल ने टीम के खाते में 16 रन का योगदान दिया, जबकि पैट कमिंस ने 19 रन जोड़े। विजेता टीम की तरफ से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 3-3 विकेट निकाले। प्रसिद्ध कृष्णा को 2 विकेट हाथ लगे। मोहम्मद सिराज और राशिद खान ने 1-1 विकेट निकाला।

ये भी पढ़ें

GT vs SRH: सुदर्शन-सुंदर के तूफानी अर्धशतकों के दम पर गुजरात ने हैदराबाद के सामने रखा 169 रनों का लक्ष्य
Also Read
View All