Nicholas Pooran vs KKR in IPL 2026: IPL 2026 के रोमांचक मुकाबले में KKR ने LSG को सुपर ओवर में हराया। सुनील नरेन की घातक गेंदबाजी और रिंकू सिंह की शानदार फिनिशिंग ने मैच पलट दिया, जबकि निकलस पूरन को सुपर ओवर में भेजने के फैसले पर सवाल उठ रहे हैं।
IPL 2026 LSG vs KKR: आईपीएल 2026 के 38वें मुकाबले में Lucknow Super Giants को सुपर ओवर में हार झेलनी पड़ी। इस हार के बाद उनके प्लेऑफ की राह भी मुश्किल हो गई है। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए Kolkata Knight Riders ने 20 ओवर में 155 रन बनाए। लखनऊ सुपरजायंट्स भी 20 ओवर में 155 रन बना सकी और मैच टाई हो गया। इसके बाद सुपर ओवर में केकेआर की ओर से गेंदबाजी करने आए Sunil Narine ने पहली 3 गेंदों पर ही LSG की पारी समेट दी।
सुनील नरेन ने पहली ही गेंद पर Nicholas Pooran को आउट किया और तीसरी गेंद पर Aiden Markram को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद 2 रन के लक्ष्य को Rinku Singh ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर हासिल कर लिया। अब इस हार के बाद Rishabh Pant की कप्तानी पर सवाल उठ रहे हैं। साथ ही निकोलस पूरन की जमकर आलोचना हो रही है। हालांकि LSG के कोच ने निकोलस पूरन को सुपर ओवर में बल्लेबाजी के लिए भेजने के फैसले का बचाव किया है।
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज और LSG के हेड कोच Justin Langer ने कहा, “यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि पूरन सुनील नरेन से अच्छी तरह वाकिफ थे और मैनेजमेंट इसका फायदा उठाना चाहता था। हमें पता था कि सुनील नरेन गेंदबाजी करेंगे, और अगर आप पूरन का रिकॉर्ड देखें, तो उन्होंने दुनिया के किसी भी दूसरे खिलाड़ी के मुकाबले सुनील नरेन का ज्यादा सामना किया है। इसलिए हमें लगा कि वही सबसे सही विकल्प हैं। मुझे पता है कि वह अभी तक अपनी लय में नहीं लौटे हैं, लेकिन हमें लगा कि अगर कोई सुपर ओवर को संभाल सकता है, तो वह पूरन ही हैं। और आप अपने सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों पर ही तो भरोसा करते हैं, है ना?”
हेड कोच ने आगे कहा, “उन्हें थोड़ी मुश्किल हुई है, लेकिन अगर आप सारे आंकड़े देखें, तो दुनिया के इस बेहतरीन ऑफ-स्पिनर सुनील नरेन का सामना निकोलस पूरन से बेहतर कोई नहीं कर पाता, लेकिन बदकिस्मती से इस बार वह कामयाब नहीं हो पाए।”
आपको बता दें कि रविवार को खेले गए KKR बनाम LSG के इस मैच से पहले पूरन T20 मैचों में सुनील नरेन के खिलाफ 131.08 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे थे और उनका औसत 49 था। हालांकि, 148 गेंदों में चार बार वह इस स्पिनर का शिकार भी बन चुके थे। इस सीजन पूरन का बल्ला अब तक खामोश रहा है। उन्होंने 8 मैचों में लगभग 10 की औसत से 82 रन बनाए हैं।
लैंगर ने कहा, “वह फॉर्म सुधारने पर काम कर रहे हैं। पिछले कुछ सालों में दुनिया के सबसे बेहतरीन T20 खिलाड़ियों में से एक रहने वाले पूरन मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। इससे बस यही साबित होता है कि वह भी इंसान हैं। हम हर दिन उनके साथ काम कर रहे हैं और वह अपना आत्मविश्वास वापस पाने के लिए बहुत कड़ी मेहनत कर रहे हैं। कभी-कभी क्रिकेट का यह खेल बहुत मुश्किल होता है।”