IPL 2026 total centuries record: आईपीएल 2026 में लीग स्टेज के आखिरी दिन और प्लेऑफ मुकाबलों से ठीक पहले शतकों का महा-रिकॉर्ड बनने जा रहा है। सिर्फ 1 शतक और होते ही यह सीजन इतिहास का सबसे ज्यादा सेंचुरी वाला सीजन बन जाएगा।
Most centuries in an IPL season: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां सीजन इस समय अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर है। जहां एक तरफ प्लेऑफ की जंग चल रही है, वहीं दूसरी तरफ बल्लेबाजी का एक ऐसा महा-रिकॉर्ड टूटने जा रहा है जो आईपीएल के इतिहास को हमेशा के लिए बदल देगा। इस सीजन में चौके-छक्कों की ऐसी बरसात हुई है कि आईपीएल 2026 अब सर्वकालिक महान रिकॉर्ड बनाने से सिर्फ एक शतक दूर है।
आईपीएल 2026 के इस सीजन में अब तक कुल 14 व्यक्तिगत शतक लग चुके हैं। इसी के साथ इस सीजन ने साल 2024 के सबसे ज्यादा 14 शतकों के ऑल-टाइम रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। अब टूर्नामेंट में 6 मुकाबले (लीग स्टेज के आखिरी मैच और प्लेऑफ) बाकी हैं। इन बचे हुए मैचों में अगर किसी भी बल्लेबाज के बल्ले से सिर्फ 1 शतक और निकल जाता है, तो आईपीएल 2026 इतिहास का सबसे ज्यादा शतकों वाला सीजन बन जाएगा।
दिलचस्प बात यह है कि साल 2024 में भी 14 शतक लगे थे, लेकिन तब 13 बल्लेबाजों ने मिलकर यह कारनामा किया था (जोस बटलर ने 2 शतक लगाए थे)। इस बार आईपीएल 2026 में भी अब तक 13 बल्लेबाजों ने ही 14 शतक लगाए हैं, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स के संजू सैमसन ने अकेले दो शतक जड़े हैं।
अगर बचे हुए 6 मैचों में कोई ऐसा बल्लेबाज शतक लगा देता है जिसने इस सीजन अब तक शतक नहीं लगाया है, तो एक और अनोखा रिकॉर्ड बन जाएगा। इतिहास में पहली बार किसी एक सीजन में 14 अलग-अलग बल्लेबाज सेंचुरी लगाने का कारनामा करेंगे।
आईपीएल 2026 में चेन्नई के संजू सैमसन (2 शतक) के अलावा साई सुदर्शन, वैभव सूर्यवंशी, मिचेल मार्श, अभिषेक शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, कूपर कोनोली, रियान रिकेल्टन, तिलक वर्मा, क्विंटन डिकॉक और फिन एलेन जैसे बल्लेबाजों ने अपनी सेंचुरी से गदर मचाया है। अब देखना यह है कि बचे हुए मैचों में कौन सा वो बल्लेबाज होगा जो इतिहास के पन्नों में आईपीएल 2026 का नाम सुनहरे अक्षरों से दर्ज कराएगा।