क्रिकेट

प्लेऑफ्स के लिए बचा है सिर्फ एक टिकट, रेस में हैं 5 टीमें, लेकिन इस टीम का दांव सबसे ज्यादा मजबूत

IPL 2026 Playoffs Scenario: आईपीएल 2026 में आरसीबी, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है। अब अंतिम एक स्थान के लिए पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।
2 min read
May 19, 2026
IPL 2026 Playoffs Scenario
प्लेऑफ्स की रेस में अब 5 टीमें (फोटो- IANS)

IPL 2026 Playoffs Scenario: आईपीएल 2026 के 63वें मुकाबले के बाद दो टीमों को प्लेऑफ का टिकट मिल गया। सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर अंतिम चार में जगह बनाई, जबकि गुजरात टाइटंस भी प्लेऑफ में पहुंच गई। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सबसे पहले अंतिम चार में अपनी जगह पक्की की थी। ऐसे में अब प्लेऑफ के लिए सिर्फ एक टिकट बचा है, लेकिन इस रेस में अभी भी पांच टीमें शामिल हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि किस टीम का दावा सबसे ज्यादा मजबूत है।

एक टिकट के लिए रेस में 5 टीमें

आपको बता दें कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद प्लेऑफ का टिकट हासिल कर चुकी हैं। वहीं पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई हैं। पंजाब किंग्स फिलहाल चौथे स्थान पर है और उसे सिर्फ एक मैच खेलना है। वहीं राजस्थान रॉयल्स पांचवें स्थान पर है और उसे दो मैच खेलने हैं। छठे स्थान पर चेन्नई सुपर किंग्स और सातवें स्थान पर दिल्ली कैपिटल्स हैं। इन दोनों टीमों को एक-एक मैच खेलना है। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स आठवें स्थान पर है और उसके भी दो मैच बाकी हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स अगर अपने दोनों मैच जीत जाती है, तो वह 15 अंकों तक पहुंच सकती है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स अधिकतम 14 अंकों तक पहुंच सकती हैं। दूसरी ओर पंजाब किंग्स अभी भी 15 अंकों तक पहुंचने की स्थिति में है, जबकि राजस्थान रॉयल्स के पास 16 अंकों तक पहुंचने का मौका है। इसका मतलब साफ है कि राजस्थान रॉयल्स का दावा सबसे ज्यादा मजबूत है। अगर वह अपने दोनों मुकाबले जीत जाती है, तो उसे किसी दूसरी टीम के प्रदर्शन या मैच के नतीजों पर निर्भर नहीं रहना होगा।

सबसे पीछे रह गई हैं CSK और DC

दूसरी ओर पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स भी अधिकतम 15 अंकों तक पहुंच सकती हैं। पंजाब किंग्स अगर अपना आखिरी मुकाबला जीतती है, तो वह 15 अंकों तक पहुंच जाएगी। वहीं कोलकाता भी अपने बचे हुए दोनों मुकाबले जीतकर 15 अंकों तक पहुंच सकती है। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स का नंबर आता है। अगर ये दोनों टीमें अपना आखिरी मुकाबला जीत भी जाती हैं, तो भी सिर्फ 14 अंकों तक पहुंच पाएंगी। ऐसे में उन्हें यह भी उम्मीद करनी होगी कि पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स उनसे ज्यादा अंक हासिल न कर पाएं।