
IPL 2026 RCB vs GT Qualifiers 1: धर्मशाला में आज आईपीएल 2026 का पहला क्वालीफायर खेला जाएगा, जहां शाम 7:30 बजे से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। दोनों टीमों के पास एक-एक आईपीएल ट्रॉफी है और दोनों ही टीमें आज जीत हासिल कर एक और खिताब के करीब पहुंचना चाहेंगी। ऐसे में चलिए जानते हैं कि किस टीम का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।
आईपीएल के इतिहास में आरसीबी और जीटी के बीच अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 4 मुकाबले जीते हैं, तो वहीं 4 मैचों में गुजरात टाइटंस को जीत मिली है। यानी दोनों टीमों के बीच अब तक कांटे की टक्कर देखने को मिली है।
हालांकि, आरसीबी का रिकॉर्ड पहला क्वालिफायर खेलते हुए शानदार रहा है। टीम इससे पहले तीन बार पहला क्वालिफायर खेल चुकी है, जिसमें से 2 बार आरसीबी को जीत मिली है, जबकि एक बार टीम को हार का सामना करना पड़ा है। आईपीएल 2025 में पहले क्वालिफायर में शानदार प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को हराकर फाइनल का टिकट कटाया था। वहीं, 2016 में आरसीबी ने गुजरात लायंस को पहले क्वालिफायर में हराया था। हालांकि, 2011 में टीम को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहले क्वालिफायर में हार का सामना करना पड़ा था।
दूसरी ओर गुजरात टाइटंस का पहले क्वालिफायर में रिकॉर्ड मिलाजुला रहा है। जीटी अब तक दो बार पहला क्वालिफायर खेल चुकी है और टीम को एक बार जीत मिली है, जबकि एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। साल 2022 में हार्दिक पंड्या की कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने पहले क्वालिफायर में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराया था। हालांकि, 2023 में टीम को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी।
अगर इस सीजन की बात करें, तो क्वालिफायर से पहले दोनों टीमें आईपीएल 2026 में दो बार आमने-सामने आ चुकी हैं। 34वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीत दर्ज की थी, जबकि 42वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने जैसन होल्डर के ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत 4 विकेट से मैच अपने नाम किया था। ऐसे में दोनों टीमों के बीच आंकड़े पूरी तरह बराबरी के नजर आ रहे हैं। ऐसे में इस मैच में किसी एक टीम को दावेदार नहीं कहा जा सकता है।