IPL 2026 Rishabh Pant Captaincy in LSG: आईपीएल 2026 में लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मिली हार के बाद एलएसजी के क्रिकेट डायरेक्टर टॉम मूडी ने बड़ा बयान दिया है। खराब फॉर्म और खराब लीडरशिप के चलते अगले सीजन में ऋषभ पंत से लखनऊ सुपर जाइंट्स की कप्तानी छीनी जा सकती है।
Tom Moody statement on Rishabh Pant Captaincy: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) का सफर किसी बुरे सपने जैसा रहा है। शनिवार को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ अपने होम ग्राउंड इकाना क्रिकेट स्टेडियम (लखनऊ) में मिली हार के बाद टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे (सटीक 10वें नंबर पर) पहुंच गई। इस शर्मनाक प्रदर्शन के बाद अब टीम के कप्तान ऋषभ पंत की कप्तानी पर पर भारी संकट मंडरा रहा है। LSG के क्रिकेट डायरेक्टर टॉम मूडी ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक ऐसा बयान दिया है।
पंत ने लगातार दो सीजन तक लखनऊ की कप्तानी संभाली, लेकिन दोनों ही बार टीम प्लेऑफ की रेस से सबसे पहले बाहर हो गई। इस साल उनकी कप्तानी में कई बड़ी कमियां देखने को मिलीं। अनुभवी खिलाड़ियों और शानदार अनकैप्ड टैलेंट होने के बावजूद पंत न तो अपनी कप्तानी से प्रभावित कर पाए और न ही बल्ले से कोई कमाल दिखा सके।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में टॉम मूडी ने कहा, 'यह सीजन हमारे लिए बेहद मुश्किल रहा है। हम उम्मीदों और अपने तय किए गए स्टैंडर्ड पर बिल्कुल खरे नहीं उतरे। जब फ्रेंचाइजी की लीडरशिप (कप्तानी) की बात आती है, तो हम भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस पर बहुत गंभीरता से विचार करेंगे। हमें अब एक बड़े रीसेट की जरूरत है।'
28 साल के ऋषभ पंत इस समय अपने करियर के उस पड़ाव पर हैं जहां एक खिलाड़ी अपने सबसे बेस्ट फॉर्म में होता है, लेकिन पंत का ग्राफ लगातार नीचे गिर रहा है।
आईपीएल से पहले उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू टी20 और वनडे सीरीज से ड्रॉप कर दिया गया था। यही नहीं, टेस्ट टीम में भी उनकी उप-कप्तानी छीनकर केएल राहुल को दे दी गई है जो कभी लखनऊ के ही कप्तान हुआ करते थे। अब एलएसजी से भी उनकी छुट्टी होने के पूरे आसार दिख रहे हैं।
हालांकि, टॉम मूडी ने किसी एक खिलाड़ी को हार का जिम्मेदार मानने से इंकार कर दिया।
उन्होंने कहा, 'इस नाकामी के लिए हम सभी जिम्मेदार हैं। यह किसी एक पर उंगली उठाने का समय नहीं है। सीजन के आधे हिस्से में हमारी बैटिंग बिल्कुल नहीं चली, मिडिल ऑर्डर रन बनाने में फेल रहा। हम शांत दिमाग से बैठकर सोचेंगे, लेकिन टीम में कुछ बड़े बदलाव जरूर किए जाएंगे।'