क्रिकेट

DC को असली खतरा वैभव सूर्यवंशी-यशस्वी जायसवाल से नहीं, इस खिलाड़ी से है! रिकॉर्ड देख रह जाएंगे हैरान

Rajasthan Royals vs Delhi Capitals: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का कारंवा जयपुर पहुंच चुका है, जहां राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें आमने आमने होंगी।

2 min read
May 01, 2026
Rajasthan Royals
राजस्थान रॉयल्स (फोटो- IANS)

IPL 2026 RR vs DC: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 43वां मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां राजस्थान रॉयल्स का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा। राजस्थान रॉयल्स की टीम अंक तालिका में 9 में से 6 मैच जीतकर चौथे स्थान पर है, तो वहीं दिल्ली कैपिटल्स ने 8 मुकाबले खेले हैं और 3 में जीत हासिल की है, जिसके चलते वह सातवें स्थान पर मौजूद है।

DC के लिए हर मैच जीतना क्यों जरूरी

दोनों टीमें प्लेऑफ की रेस में बनी हुई हैं, हालांकि राजस्थान रॉयल्स का दावा ज्यादा मजबूत नजर आ रहा है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स अगर इस सीजन में दो और मैच हार जाती है, तो उनके अंतिम चार में पहुंचने का सपना चकनाचूर हो सकता है। ऐसे में उनके लिए बचे हुए सभी 6 मैच ‘डू ऑर डाई’ जैसे हैं। दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स को बचे हुए 5 में से सिर्फ 3 मैच जीतने हैं, जिससे उनका प्लेऑफ टिकट लगभग पक्का हो जाएगा।

दोनों टीमों के बीच आईपीएल में अब तक कुल 30 मुकाबले खेले जा चुके हैं और आंकड़े पूरी तरह बराबरी पर हैं। राजस्थान रॉयल्स ने 15 मैच जीते हैं, तो दिल्ली कैपिटल्स ने भी 15 मुकाबलों में जीत हासिल की है। लेकिन जब 1 मई को ये दोनों टीमें सवाई मानसिंह स्टेडियम में आमने-सामने उतरेंगी, तो राजस्थान रॉयल्स को घरेलू परिस्थितियों का फायदा मिलने के कारण उन्हें जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए मुश्किलें और भी बढ़ गई हैं, क्योंकि टीम पिछले तीन मुकाबलों से लगातार हार रही है। पहले उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, फिर पंजाब किंग्स ने 6 विकेट से हराया और उसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। ऐसे में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स को हराना उनके लिए आसान नहीं होगा।

आर्चर को पावरप्ले में खेलना आसान नहीं

वहीं राजस्थान रॉयल्स के लिए वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। हालांकि दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे बड़ा खतरा इन बल्लेबाजों से ज्यादा जोफ्रा आर्चर हैं, जिन्होंने इस सीजन पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट चटकाए हैं। आर्चर अब तक पावरप्ले में 9 विकेट ले चुके हैं। दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स पूरे सीजन बड़ी साझेदारी करने में असफल रही है। जिस मैच में उन्होंने सबसे बड़ी साझेदारी की, उसमें भी उन्हें पंजाब किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि सवाई मानसिंह स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी लाइनअप, आर्चर के खतरनाक स्पेल का सामना कैसे करती है।