क्रिकेट

RR vs RCB Pitch and Weather Report: गुवाहाटी में होगी रनों की बरसात या असली बारिश फेरेगी मैच पर पानी? जानें पिच और मौसम का हाल

RR vs RCB Pitch and Weather Report: IPL 2026 के 16वें मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का महामुकाबला। दोनों टीमें अब तक अजेय हैं, लेकिन क्या आज गुवाहाटी की नमी वाली पिच और ओस का असर किसका खेल बिगाड़ेगा? जानें मौसम का हाल और पिच रिपोर्ट।
2 min read
Apr 10, 2026
Guwahati Weather Report
गुवाहाटी का बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/Cricket_World)

RR vs RCB Pitch and Weather Report: IPL 2026 का 16वां मैच गुवाहाटी में होने जा रहा है, जहां राजस्थान रॉयल्स (RR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच एक महामुकाबला होने वाला है। इसे महामुकाबला इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि इस सीजन में अब तक दोनों ही टीमें अजेय (Unbeaten) रही हैं। एक तरफ राजस्थान रॉयल्स पॉइंट्स टेबल पर नंबर-1 की पोजीशन पर काबिज है, जिसने अब तक हार का स्वाद नहीं चखा है। वहीं दूसरी तरफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु है, जो भले ही टेबल में तीसरे नंबर पर हो, लेकिन उसने भी अब तक खेले अपने दोनों मैचों में शानदार जीत दर्ज की है। आज देखना यह होगा कि इन दोनों रॉयल टीमों में से किसे इस सीजन की पहली हार का सामना करना पड़ता है। दोनों टीमें इस वक्त अपनी बेस्ट फॉर्म में हैं, इसलिए यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है।

रॉयल्स vs रॉयल का आमना-सामना

नॉर्थ-ईस्ट के फैंस के लिए यह मैच बहुत खास है क्योंकि लोकल हीरो रियान पराग अपनी होम टीम राजस्थान की कप्तानी कर रहे हैं। राजस्थान के पास जोफ्रा आर्चर की रफ्तार और रवींद्र जडेजा व रवि बिश्नोई जैसी स्पिन जोड़ी है, जिसे हराना किसी भी टीम के लिए बड़ी चुनौती होगी। दूसरी तरफ, रजत पाटीदार की कप्तानी वाली RCB के पास विराट कोहली और फिल साल्ट जैसे धाकड़ बल्लेबाज हैं। उनकी ताकत बड़े स्कोर बनाना और उनका पीछा करना है, जबकि गेंदबाजी में उनके पास स्विंग के सुल्तान भुवनेश्वर कुमार का अनुभव है। दोनों टीमें टॉप पर पहुंचने की कोशिश में हैं, इसलिए गुवाहाटी में रनों की बरसात होना तय है।

बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम: पिच रिपोर्ट

गुवाहाटी की पिच को आमतौर पर बल्लेबाजों का स्वर्ग माना जाता है क्योंकि यहां गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है। लेकिन 2026 सीजन में थोड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। हाल ही में हुई बारिश की वजह से पिच लंबे समय तक ढकी रही है, जिससे सतह में थोड़ी नमी हो सकती है। मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिल सकती है, इसलिए शुरुआती ओवर काफी रोमांचक होंगे। जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा और लाइट के नीचे पिच सूखेगी, बल्लेबाजी आसान हो जाएगी। वैसे तो यहां का औसत स्कोर 146 है, लेकिन RR और RCB जैसी टीमों को देखते हुए 190 का स्कोर ही सुरक्षित माना जाएगा। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना यहां फायदे का सौदा हो सकता है।

गुवाहाटी का मौसम: कैसा रहेगा मिजाज?

मैच की शाम को गुवाहाटी का मौसम सुहाना रहने की उम्मीद है। मैच के दौरान तापमान अधिकतम 26°C और रात को 17°C तक गिर सकता है, जो खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए काफी आरामदायक रहेगा। ह्यूमिडिटी (नमी) करीब 70% रहेगी, जिसका मतलब है कि दूसरी पारी में ओस गिर सकती है। इससे गेंदबाजों को गेंद पकड़ने में थोड़ी मुश्किल होगी। राहत की बात यह है कि बारिश होने के चांस सिर्फ 10% हैं। बादल थोड़े-बहुत छाए रह सकते हैं, लेकिन पूरा मैच बिना किसी रुकावट के होने की पूरी उम्मीद है।