
IPL 2026, BCCI, Rajiv Shukla Statement: आईपीएल 2026 के आयोजन को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए बीसीसीआई (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने साफ कर दिया है कि टूर्नामेंट अपने तय शेड्यूल के हिसाब से ही होगा। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग की बताई गई चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद बाकी बचे मैचों का शेड्यूल भी जारी कर दिया जाएगा।
राजीव शुक्ला ने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए बताया, 'आईपीएल तय समय पर ही आयोजित किया जाएगा। हमने अभी 20 मैचों का शेड्यूल जारी कर दिया है। बाकी मैचों की लिस्ट चुनाव आयोग के राज्यों में चुनाव की तारीखें घोषित करने के बाद जारी की जाएगी।' दरअसल, टूर्नामेंट के दौरान तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, इसलिए बीसीसीआई सावधानी बरतते हुए पूरा शेड्यूल एक साथ जारी नहीं कर रहा है।
दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग यानी आईपीएल के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होगी। पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
पहला फेज होगा 28 मार्च से 12 अप्रैल 2026 तक। पहले चरण के मैच 10 शहरों (बेंगलुरु, मुंबई, गुवाहाटी, चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद और हैदराबाद) में खेले जाएंगे। डबल हेडर (एक दिन में दो मैच) के दौरान दोपहर का मैच 03:30 PM और शाम का मैच 07:30 PM से शुरू होगा। सीजन का पहला डबल हेडर 4 अप्रैल को होगा, जिसमें दिल्ली बनाम मुंबई और गुजरात बनाम राजस्थान की भिड़ंत होगी।
राजस्थान रॉयल्स जो अपने शुरुआती घरेलू मैच जयपुर के बजाय गुवाहाटी में खेलेगी। दूसरी पंजाब किंग्स, अपने शुरुआती मैच चंडीगढ़ के नए स्टेडियम (न्यू चंडीगढ़) में खेलेगी। वहीँ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने 5 मैच बेंगलुरु में और 2 मैच रायपुर में खेलेगी। बेंगलुरु में होने वाले मैचों को लेकर अभी कर्नाटक सरकार की एक्सपर्ट कमेटी से हरी झंडी मिलना बाकी है। 13 मार्च को स्टेडियम का मुआयना किया जाएगा, जिसके बाद वहां मैच होने पर अंतिम मुहर लगेगी।