NZ vs IND 2nd ODI Weather Update: भारत-न्यूजीलैंड दूसरे वनडे से पहले वेलिंगटन में भारी बारिश, जानें मैच के दिन कैसा रहेगा मौसम?
NZ vs IND 2nd ODI Rain Forecast: भारत और न्यूजीलैंड के बीच शनिवार को खेले जाने वाले दूसरे मुकाबले से वेलिंगटन के मौसम को लेकर बुरी खबर सामने आ रही है। वहां शुक्रवार सुबह से ही बारिश हो रही है और मैच के दिन भी बारिश की पूरी संभावना है।
NZ vs IND 2nd ODI Rain Forecast (फाइल फोटो सोर्स: एक्स@/Sahil_Malhotra1)
NZ vs IND 2nd ODI Wellington Rain Forecast: भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी पांच मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार 7 अक्टूबर को वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में खेला जाना है। ऑकलैंड में पहला मैच पांच विकेट से जीतने के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 से बढ़त बना रखी है। अब शुभमन गिल एंड कंपनी की नजर दूसरा मैच जीतकर बढ़त को दोगुनी करने पर होगी। वहीं, मिचेल सैंटनर के नेतृत्व वाली कीवी टीम भी वापसी करने के इरादे से उतरेगी। लेकिन, इस मैच से वेलिंगटन के मौसम को लेकर जो खबर सामने आ रही है, वह बिल्कुल भी अच्छी नहीं है। मैच से एक दिन पहले शुक्रवार सुबह से ही वेलिंगटन में बारिश हो रही है। ऐसे में मैच के दिन शनिवार को मौसम कैसा रहेगा? आइये एक नजर इस पर डालते हैं।
आज शुक्रवार को 70 प्रतिशत बारिश का पूर्वानुमान
एक्यूवेदर के अनुसार, वेलिंगटन में आज शुक्रवार को 70 प्रतिशत तक बारिश की संभावना जताई गई है। इसी वजह से सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। हेनरी स्टेडियम की पिच और उसके आसपास के एरिया को कवर्स से ढक दिया गया है। बारिश की वजह से भारतीय टीम का ट्रेनिंग सेशन भी कैंसिल करना पड़ा है। वहीं, शहर की कुछ वीडियो भी सामने आई हैं, जिसमें बारिश के चलते पूरा शहर भीगा हुआ नजर आ रहा है।
वेलिंगटन में शनिवार 7 नवंबर को मैच के दिन 60 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान दिन में नॉर्थ-वेस्ट की ओर से करीब 17 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। आसमान भी पूरी तरह बादलों से ढका रहने की संभावना है। दिन के समय तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जबकि शाम के समय बारिश की संभावना घटकर 55 प्रतिशत तक रह जाएगी। इस दौरान नॉर्थ की ओर से करीब 19 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी।