क्रिकेट

ईशान-अभिषेक की टीम नहीं जीत पाएगी IPL 2026 का खिताब! पूर्व क्रिकेटर ने बताई SRH की बड़ी कमजोरी

पूर्व भारतीय बल्लेबाज Robin Uthappa का मानना है कि Sunrisers Hyderabad IPL 2026 में खिताब की प्रबल दावेदार नहीं है। उन्होंने टीम की कमजोर गेंदबाजी और टॉप ऑर्डर पर निर्भरता को बड़ी चिंता बताया, साथ ही Pat Cummins की गैरमौजूदगी को भी बड़ा झटका माना।
2 min read
Mar 21, 2026
IPL 2026
PBKS का लक्ष्य SRH के खिलाफ अपनी लय को बनाए रखना (photo - IPL)

Robin Uthappa on Sunrisers Hyderabad: पूर्व भारतीय बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा का मानना है कि आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम खिताब की प्रबल दावेदार नहीं होगी। उथप्पा ने कहा कि भले ही हैदराबाद का बैटिंग ऑर्डर काफी दमदार नजर आ रहा हो, लेकिन टीम का गेंदबाजी अटैक काफी कमजोर दिख रहा है।

उथप्पा ने 'जियोस्टार' के साथ बात करते हुए कहा, "सनराइजर्स हैदराबाद की आक्रामक बल्लेबाजी देखना मनोरंजक होता है। हालांकि, इस तरह की बल्लेबाजी उन्हें आईपीएल जीतने में मदद नहीं करेगी। हैदराबाद की गेंदबाजी थोड़ी कमजोर है। गेंदबाज ही होते हैं जो आपको ट्रॉफी दिलवाते हैं। हैदराबाद को अपने घरेलू मैदान पर 7 मैच खेलने होते हैं, जहां की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग जैसी है।"

उथप्पा को SRH की गेंदबाजी लग रही कमजोर

उथप्पा ने आगे कहा, "मुझे नहीं लगता कि सनराइजर्स हैदराबाद के पास अभी ऐसा गेंदबाजी अटैक है जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी से पैदा होने वाली अस्थिरता को संभाल सके, खासकर तब जब उनका टॉप ऑर्डर अच्छा प्रदर्शन न करे। हम सभी ने पिछले सीजन में देखा था कि क्या हुआ था। अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड और हेनरिक क्लासेन के अलावा, कोई भी अन्य बल्लेबाज आगे बढ़कर जिम्मेदारी नहीं उठा पाया था। जब टॉप ऑर्डर विफल रहा, तो गेंदबाज भी उस स्कोर का बचाव करने में असमर्थ रहे। यही वजह है कि मैं इस सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद को खिताब का एक दावेदार नहीं मानूंगा।"

सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन आईपीएल 2025 में निराशाजनक रहा था। टीम पिछले सीजन खेले 14 में से सिर्फ 6 मुकाबलों में ही जीत दर्ज कर सकी थी, जबकि 7 मुकाबलों में टीम को हार झेलनी पड़ी थी। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड आईपीएल 2025 में रनों के लिए संघर्ष करते हुए नजर आए थे, जिसका खामियाजा हैदराबाद की टीम को भुगतना पड़ा था। टीम की ओर से हेनरिक क्लासन ही अच्छी लय में दिखाई दिए थे, जिन्होंने 14 मुकाबलों में 172 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 487 रन बनाए थे।

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए बुरी खबर यह है कि आईपीएल 2026 के शुरुआती मुकाबलों में पैट कमिंस टीम का हिस्सा नहीं होंगे। कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम की कमान ईशान किशन संभालते हुए नजर आएंगे। टीम अपने अभियान का आगाज 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ एम चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में करेगी।

Updated on:
21 Mar 2026 07:34 pm
Published on:
21 Mar 2026 08:07 pm