IPL 2026 सीजन के 21वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को हरा दिया है। यह मुकाबला काफी रोमांचक हुआ। इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से प्रफुल्ल हिंगे ने विपक्षी टीम को संकट में डाल दिया।
IPL 2026 सीजन का 21वां मुकाबला राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 57 रन से हरा दिया है। सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से प्रफुल्ल हिंगे ने शानदार प्रदर्शन किया।
SRH ने RR को 57 रनों से हरा दिया है। इस हार से RR का विजय पथ रुक गया है। हालांकि, 5 में से एक मुकाबला हारने के बावजूद RR प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर बरकरार है। वहीं, SRH 5 में से 2 मैच जीतकर चौथे पायदान पर पहुंच गई है। टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 216 रन बनाए।
मैच की पहली ही गेंद पर SRH ने अभिषेक शर्मा (0) का विकेट खो दिया था। इसके बाद ईशान किशन ने ट्रेविस हेड के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी करते हुए टीम को परेशानी से निकाला। ट्रेविस हेड ने 18 गेंदों में 3 चौकों के साथ 18 रन पारी खेली। उनके आउट होने के बाद ईशान ने हेनरिक क्लासेन के साथ 39 गेंदों में 88 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया। कप्तान ईशान 44 गेंदों में 6 छक्कों और 8 चौकों के साथ 91 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि क्लासेन ने 40 रन की पारी खेली। नितीश रेड्डी ने 28 रन और सलिल अरोड़ा ने 24 रन की नाबाद पारी खेली।
सनराइजर्स हैदराबाद के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम 19 ओवरों में महज 159 रन पर सिमट गई। डेब्यूटेंट प्रफुल्ल हिंगे ने अपने पहले ही ओवर में 3 विकेट निकालकर RR को संकट में डाल दिया। दूसरे ओवर में टीम ने यशस्वी जायसवाल (1) का विकेट भी खो दिया। अगले ओवर में कप्तान रियान पराग (0) भी चलते बने। यह टीम 3 ओवरों की समाप्ति तक महज 9 रन बनाकर 5 विकेट गंवा चुकी थी।
अनुभवी बल्लेबाज रवींद्र जडेजा ने डोनोवन फरेरा के साथ छठे विकेट के लिए 72 गेंदों में 118 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत की राह पर ला दिया था, लेकिन 127 के स्कोर पर इस साझेदारी के टूटते ही टीम फिर से परेशानी में आ गई। फरेरा 44 गेंदों में 3 छक्कों और 7 चौकों के साथ 69 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जडेजा ने 32 गेंदों में 5 चौकों के साथ 45 रन बनाए।
तुषार देशपांडे ने टीम के खाते में 25 रन का योगदान दिया। विपक्षी खेमे से प्रफुल्ल ने 34 रन देकर 4 विकेट निकाले, जबकि साकिब हुसैन ने 24 रन देकर 4 सफलता प्राप्त की। इनके अलावा, ईशान मलिंगा ने 2 विकेट हासिल किए। विपक्षी खेमे से जोफ्रा आर्चर ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले, जबकि संदीप शर्मा, तुषार देशपांडे और रियान पराग ने 1-1 विकेट हासिल किया।