IPL 2026 सीजन का 36वां मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स (SRH vs RR) के बीच खेला गया। इस मैच में SRH ने राजस्थान RR को हरा दिया है।
SRH vs RR: IPL 2026 सीजन के 36वें मुकाबले में शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को 5 विकेट से हरा दिया है। इस रोचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) से मिले 229 रनों के लक्ष्य को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने 5 विकेट खोकर 18.3 ओवर में हासिल कर लिया। यह सनराइजर्स हैदराबाद की इस सीजन की 5वीं जीत है।
राजस्थान रॉयल्स से मिले 229 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ट्रेविस हेड 5 गेंदों में महज 6 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने मोर्चा संभाला। इन दोनों खिलाड़ियों ने दूसरे विकेट के लिए महज 55 गेंदों में 132 रनों की साझेदारी निभाई। अभिषेक ने 29 गेंदों में 11 चौके और एक छक्के की मदद से 57 रन बनाए। वहीं, ईशान ने 31 गेंदों में 74 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में ईशान ने 11 चौके और 3 छक्के लगाए।
अभिषेक-ईशान के पवेलियन लौटने के बाद हेनरिक क्लासेन और नीतीश कुमार रेड्डी ने टीम की नैया को पार लगाने का जिम्मा उठाया। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 31 गेंदों में 53 रनों की अहम साझेदारी निभाई। नीतीश 18 गेंदों में 36 रन बनाकर आउट हुए। क्लासेन ने 24 गेंदों में 3 चौके और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाए। सलिल अरोड़ा 8 और अनिकेत वर्मा एक रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर और बृजेश शर्मा ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं, फरेरा ने एक विकेट निकाला।
राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 228 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल 10 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ध्रुव जुरेल और वैभव सूर्यवंशी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 62 गेंदों में 112 रन जोड़े। जुरेल ने 35 गेंदों में 51 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं, वैभव ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए महज 36 गेंदों में अपने IPL करियर का दूसरा शतक पूरा किया। वैभव ने 37 गेंदों में 103 रनों की लाजवाब पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके और 12 छक्के लगाए।
रियान पराग 7 रन ही बना सके, जबकि डोनोवन फेरेरा ने 16 गेंदों में 33 रन बनाए। शिमरोन हेटमायर 10 गेंदों में 11 रन बनाकर प्रफुल्ल हिंगे का शिकार बने। जडेजा 4 और आर्चर 2 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में एसआरएच की ओर से ईशान मलिंगा ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए, जबकि प्रफुल्ल, कमिंस और नीतीश ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। राजस्थान रॉयल्स को इस सीजन की तीसरी हार का सामना करना पड़ा है।