
प्रवेश वर्मा ने रहमान डकैत से की केजरीवाल की तुलना (Image- Video Screenshot)
देश की राजधानी दिल्ली की राजनीति में धुरंधर मूवी के कैरेक्टर रहमान डकैत (Rehman Dacoit) की एंट्री हो गई है। दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा (Parvesh Verma) ने आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की तुलना धुरंधर मूवी के 'रहमान डकैत' से की है। प्रवेश वर्मा के अलावा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है।
दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक वीडियो X पर शेयर किया है। प्रवेश वर्मा ने वीडियो पर कैप्शन लिखा- दिल्ली के 'डकैत' की कहानी…भरोसे का चेहरा लेकर आया और खजाना अपने सपनों के शीशमहल में लगा गया। प्रवेश वर्मा द्वारा शेयर किए गए वीडियो की शुरुआत में तीखा व्यंग किया गया है।
वीडियो की शुरुआत में 'Dhurandhar Part-3 दिल्ली के रहमान डकैत की कहानी' लिखा हुआ दिखाई देता है। इसके बाद प्रवेश वर्मा कथित 'शीशमहल' के बाहर और अंदर का वीडियो दिखाते हैं। प्रवेश वर्मा ने 'शीश महल' का जिक्र करके भ्रष्टाचार के मुद्दे को उठाया और इस वीडियो में तत्कालीन मुख्यमंत्री केजरीवाल के सरकारी आवास पर उनके लिए तैयार की गई आलीशान सुविधाओं को दिखाया है। प्रवेश वर्मा की इस पोस्ट के बाद AAP ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
प्रवेश वर्मा ने 'X' पर शेयर किए गए वीडियो में दावा किया कि शीशमहल में ₹1.5 करोड़ की रसोई, ₹95 लाख के स्विच, ₹88 लाख का झूमर और ₹28 लाख का टीवी लगा है। वर्मा ने जोर देकर कहा कि इस बंगले का मासिक बिजली बिल ₹5 लाख था। प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल के भ्रष्ट आचरण की आलोचना करते हुए कहा- एक ऐसा व्यक्ति, जिसने महात्मा गांधी और शहीद भगत सिंह की तस्वीरों का दुरुपयोग किया और एक हलफनामा जारी करके कसम खाई थी कि वह कभी भी सरकारी आवास स्वीकार नहीं करेगा। उसी व्यक्ति ने रेशमी कालीनों, बाथरूम फिटिंग्स, टीवी, वियतनाम के संगमरमर के फर्श और ऑटोमैटिक पर्दों पर करोड़ों रुपए खर्च कर दिए।
प्रवेश वर्मा के अलावा दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने अरविंद केजरीवाल पर उनके पुराने सरकारी मुख्यमंत्री आवास (शीश महल) पर जनता के पैसे बर्बाद करने का आरोप लगाया है। रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा- AAP, जिसने क्रांति के नारे के साथ शुरुआत की थी, अब अविश्वास और अलगाव के कारण अपने अंत की ओर बढ़ रही है।
AAP में अब कोई आम आदमी नहीं बचा है, सिर्फ भ्रष्ट लोग ही रह गए हैं। CM रेखा गुप्ता ने कहा- मिस्टर केजरीवाल, राज्यसभा के दो-तिहाई सांसदों का पार्टी छोड़कर जाना आपकी तानाशाही पर सीधा वार है। दिल्ली के बाद, अब पंजाब की बारी है। इसके साथ ही रेखा गुप्ता ने संकेत दिया कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में कृषि-प्रधान राज्य पंजाब से सत्ताधारी 'AAP' की विदाई तय है।
Published on:
25 Apr 2026 11:44 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
