क्रिकेट

IPL 2026: सुपर फ्लॉप साबित हुआ है 25.20 करोड़ का यह खिलाड़ी, पारियों में बनाए 60 से भी कम रन

कैमरून ग्रीन ना ही आंद्रे रसेल की तरह आक्रामक बल्लेबाजी कर पा रहे हैं और न ही अपनी गेंदबाजी से उपयोगी अंशदान दे पा रहे हैं। पिछले 5 मैचों की 5 पारियों में ग्रीन मात्र 56 रन बना सके हैं।

2 min read
Apr 17, 2026
ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन गेंदबाजी नहीं कर पा रहे हैं। (photo - IPL 2026)

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने आईपीएल 2026 के लिए हुई नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरुन ग्रीन को 25.20 करोड़ की मोटी रकम में खरीदा था। केकेआर ग्रीन को अपने दिग्गज ऑलराउंडर आंद्रे रसेल का विकल्प मान रही थी। सीजन के शुरुआती 5 मैचों के बाद ग्रीन के प्रदर्शन पर नजर डालें तो वह रसेल के आस-पास भी नहीं हैं और केकेआर के लिए घाटे का सौदा साबित हो रहे हैं।

ये भी पढ़ें

‘श्रेयस अय्यर हैं नए ‘चेज़ मास्टर”, भारत के पूर्व ओपनर ने PBKS कप्तान की विराट कोहली से की तुलना

कैमरून ग्रीन सुपर फ्लॉप

कैमरून ग्रीन ना ही आंद्रे रसेल की तरह आक्रामक बल्लेबाजी कर पा रहे हैं और न ही अपनी गेंदबाजी से उपयोगी अंशदान दे पा रहे हैं। पिछले 5 मैचों की 5 पारियों में ग्रीन मात्र 56 रन बना सके हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 32 रन रहा है। वहीं सिर्फ 2 मैचों में गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 58 रन लुटाकर 1 विकेट लिए हैं। ऐसे प्रदर्शन के लिए 25.20 करोड़ निश्चित तौर पर आदर्श राशि नहीं हो सकती।

ग्रीन हाल ही में इंजरी से रिकवर हुए हैं

सवाल यह है कि क्या केकेआर ग्रीन का सही इस्तेमाल नहीं कर पा रही और उनसे उनकी पूरी क्षमता का प्रदर्शन नहीं करवा पा रही। इसका जवाब हां में हो सकता है। ग्रीन हाल ही में इंजरी से रिकवर हुए हैं, इसलिए उनसे गेंदबाजी में बहुत ज्यादा उम्मीद नहीं है, लेकिन बल्लेबाजी में निश्चित रूप से उनसे बेहतर लिया जा सकता है।

दरअसल, ग्रीन टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज हैं। वह क्रीज पर उतरने के बाद आंखें जमाने के लिए समय लेते हैं और उसके बाद बड़ी हिट लगाते हैं। रसेल की तरह पहली गेंद से बड़ी हिट लगाने में वह सक्षम नहीं हैं। केकेआर ने ग्रीन का बल्लेबाजी क्रम ही निश्चित नहीं किया है। वह कभी चौथे तो कभी छठे स्थान पर आते हैं। इसका असर उनकी बल्लेबाजी पर पड़ा है। 5 मैचों के बाद उनका औसत 14 का है।

फिन एलन बतौर ओपनर असफल

केकेआर के लिए फिन एलन बतौर ओपनर असफल रहे हैं। तीसरे नंबर पर भी किसी बल्लेबाज की जगह निश्चित नहीं है। ग्रीन की क्षमता का पूरा फायदा उठाने के लिए केकेआर को या तो उन्हें पारी की शुरुआत करने के लिए भेजना चाहिए या फिर तीसरे नंबर पर भेजना चाहिए। उनके पास जितना ज्यादा समय होगा वह टीम के लिए उतने ही बेहतर साबित होंगे और बल्लेबाजी में आ रही कमियों को काफी हद तक दूर कर सकते हैं।

आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस की तरफ से तीसरे नंबर पर खेलते हुए ग्रीन ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 47 गेंदों पर 100 रन बनाए थे। उस सीजन उन्होंने अधिकांश मैचों में टॉप-3 में बल्लेबाजी की थी और 16 मैचों में 452 रन बनाए थे। केकेआर भी ग्रीन को टॉप ऑर्डर में भेज ऐसा प्रदर्शन उनसे निकलवा सकती है।

ये भी पढ़ें

IPL 2026: क्या खत्म हो गया जसप्रीत बुमराह का डर? पिछले छह IPL मैचों में नहीं मिला एक भी विकेट, जमकर लुटाये रन
Published on:
17 Apr 2026 02:43 pm
Also Read
View All