क्रिकेट

PBKS vs MI: मुंबई इंडियंस को लगा दोहरा झटका! हार्दिक के बाद अब सूर्या भी हुए बाहर, धर्मशाला में कौन संभालेगा टीम की कप्तानी?

MI new captain vs PBKS: धर्मशाला के एचपीसीए (HPCA) स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच से पहले मुंबई इंडियंस की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हार्दिक पांड्या के बाद अब सूर्यकुमार यादव भी निजी कारणों से टीम से बाहर हो गए हैं। जानिए अब कौन करेगा कप्तानी।
2 min read
May 14, 2026
Suryakumar Yadav Injury
हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव। (फोटो सोर्स: IANS)

Suryakumar Yadav out PBKS vs MI IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का 58वां मुकाबला पंजाब किंग्स (PBKS) और पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला जाएगा। धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच से पहले मुंबई इंडियंस को दोहरा झटका लगा है। टीम के नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या पहले ही चोट की वजह से बाहर थे, और अब खबर आ रही है कि स्टैंड-इन कप्तान सूर्यकुमार यादव भी निजी कारणों से आज का मैच नहीं खेलेंगे। सूर्या ने इस बारे में टीम मैनेजमेंट को पहले ही जानकारी दे दी है और वे टीम के साथ धर्मशाला नहीं गए हैं।

अब कौन होगा टीम का नया कप्तान?

मुंबई इंडियंस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि टॉस के लिए मैदान पर कौन उतरेगा। टीम के पास कुछ बड़े विकल्प हैं। फ्रेंचाइजी तिलक वर्मा को काफी पसंद करती है और उनका कप्तानी डेब्यू हो सकता है। हालांकि, उनका फोकस फिलहाल अपनी बल्लेबाजी को सुधारने पर होगा क्योंकि इस सीजन में उनका प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। पूर्व कप्तान और सबसे अनुभवी खिलाड़ी होने के नाते रोहित शर्मा एक बार फिर कमान संभाल सकते हैं। गेंदबाजी की कमान संभालने वाले जसप्रीत बुमराह भी कप्तानी के एक मजबूत दावेदार हैं।

प्लेऑफ की दौड़ और आगे की राह

मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, लेकिन बचे हुए मैचों में टीम अपनी साख बचाने के लिए खेलेगी। सूर्या और हार्दिक की गैरमौजूदगी में युवा खिलाड़ियों के पास खुद को साबित करने का बड़ा मौका है। सूर्या इस सीजन में अपनी फॉर्म से जूझ रहे हैं, ऐसे में फैंस को उम्मीद थी कि वे इन आखिरी मैचों में लय वापस पा लेंगे। वहीं हार्दिक पांड्या अभी भी मुंबई में अपनी रिकवरी और ट्रेनिंग पर ध्यान दे रहे हैं।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

मुंबई इंडियंस (MI): रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, क्विंटन डी कॉक, तिलक वर्मा, विल जैक्स, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, एएम गजनफर, जसप्रीत बुमराह।
इम्पैक्ट प्लेयर: रोहित शर्मा।

पंजाब किंग्स (PBKS): प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, मार्को जानसन, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, यश ठाकुर।
इम्पैक्ट प्लेयर: शशांक सिंह।