Gujarat Titans Updated Schedule: BCCI ने IPL 2026 के शेड्यूल में बदलाव करते हुए GT और CSK के 26 अप्रैल और 21 मई के मुकाबलों के वेन्यू बदल दिए हैं।
IPL 2026 Schedule Changes: सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (Indian Premier League 2026) के शेड्यूल में बड़ा बदलाव हुआ। BCCI ने 26 अप्रैल और 21 मई को खेले जाने वाले गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के बीच के मुकाबलों को लेकर बड़ा ऐलान किया है। अब 26 अप्रैल को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में निर्धारित गुजरात टाइटंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।
आपको बता दें कि आईपीएल 2026 के शेड्यूल के अनुसार 26 अप्रैल को गुजरात टाइटन्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना था, लेकिन अब यह मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इसी तरह चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटन्स के बीच 21 मई को होने वाला मुकाबला अब शाम 7:30 बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले यह मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाना था।
कुल मिलाकर दोनों मैचों के वेन्यू आपस में बदल दिए गए हैं। आपको बता दें कि अहमदाबाद में म्युनिसिपल कॉरपोरेशन चुनावों की वजह से इन मैचों के शेड्यूल में बदलाव करना पड़ा है। इस बदलाव की आधिकारिक घोषणा 13 अप्रैल 2026 को की गई।
आईपीएल 2026 में दोनों टीमों का प्रदर्शन अब तक कुछ खास नहीं रहा है। जहां चेन्नई सुपर किंग्स चार में से सिर्फ एक मैच जीत पाई है और अंक तालिका में नौवें स्थान पर है, वहीं दूसरी ओर गुजरात टाइटन्स ने चार में से दो मैच जीते हैं और पांचवें स्थान पर है। शुरुआती दोनों मुकाबले हारने वाली गुजरात टाइटन्स ने दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर जीत की पटरी पर वापसी की है। उनका अगला मुकाबला 17 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होगा। इसके बाद 20 अप्रैल को वह मुंबई इंडियंस और 24 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी।
वहीं दूसरी ओर चेन्नई सुपर किंग्स की बात करें तो टीम लगातार तीन मुकाबले हारने के बाद जीत की पटरी पर लौटी थी। चेन्नई सुपर किंग्स का अगला मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होगा। इसके बाद 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद और 23 अप्रैल को मुंबई इंडियंस से उनका मुकाबला होगा।