13 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

8वें नंबर की MI दूसरे हाफ में हो जाती है घातक, शुरुआती 6 में से 5 मैच हारकर भी जीत चुकी है खिताब

MI Stats in IPL 2026: इस सीजन जीत के साथ आगाज करने वाली मुंबई इंडियंस लगातार 3 मुकाबले हारकर अंक तालिका में 8वें स्थान पर खिसक चुकी है। अब उन्हें इस साल और 10 मैच ही खेलने हैं।

2 min read
Google source verification
ipl 2026 mumbai indians

मुंबई इंडियंस (फोटो- IANS)

Mumbai Indians in IPL 2026 Points Table: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में मुंबई इंडियंस की टीम की शुरुआत तो अच्छी रही, लेकिन अब तक टीम का सफर अच्छा नहीं रहा है। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत के साथ आगाज करने वाली मुंबई इंडियंस लगातार तीन मुकाबले हार चुकी है। अब तक चार मैचों में उनके सिर्फ दो अंक हैं और वह अंक तालिका में आठवें स्थान पर है।

प्लेऑफ के लिए MI को जीतने होंगे 7 मैच

केकेआर के खिलाफ छह विकेट से जीत दर्ज करने वाली मुंबई इंडियंस की टीम, दिल्ली कैपिटल्स से अगले मुकाबले में 6 विकेट से हार गई। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 27 रन से हराया, तो वहीं वानखेड़े स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उन्हें 18 रन से शिकस्त दी। इस तीसरी हार के साथ मुंबई इंडियंस की टीम आठवें स्थान पर खिसक गई है और उनका नेट रन रेट -0.772 हो गया है। अब उनके पास 10 मुकाबले बचे हैं और उन्हें प्लेऑफ में पहुंचने के लिए कम से कम 7 मैच जीतने होंगे।

हालांकि मुंबई इंडियंस का रिकॉर्ड रहा है कि दूसरे हाफ में यह टीम शानदार प्रदर्शन करती है और दूसरी टीमों का खेल बिगाड़ देती है। अब तक भले ही टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर नजर आ रही हो, लेकिन दूसरे हाफ में मुंबई इंडियंस अक्सर वापसी करती है।

साल 2015 में मुंबई इंडियंस शुरुआती 6 में से 5 मैच हार चुकी थी और उन्हें प्लेऑफ की रेस से बाहर माना जा रहा था। लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत के साथ टीम पटरी पर लौटी और लगातार 5 मुकाबले जीत लिए। उस सीजन के आखिरी 8 में से 7 मैच जीतकर मुंबई ने प्लेऑफ में जगह बनाई। क्वालीफायर-1 में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को हराया और फाइनल में भी सीएसके को मात देकर ट्रॉफी अपने नाम की।

आईपीएल 2025 में भी मुंबई इंडियंस ने कुछ ऐसा ही कारनामा किया था। टीम की शुरुआत हार के साथ हुई और पहले 5 में से 4 मैच गंवाए, लेकिन इसके बाद लगातार 6 मुकाबले जीतकर प्लेऑफ में जगह बनाई। हालांकि एलिमिनेटर जीतने के बाद उन्हें पंजाब किंग्स के खिलाफ क्वालीफायर-2 में हार का सामना करना पड़ा।

पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस ने ऐसे कमबैक कई बार किए हैं। ऐसे में इस बार भी अंक तालिका में आठवें स्थान पर मौजूद इस टीम को कम आंकना दूसरी टीमों के लिए बड़ी भूल साबित हो सकती है।