
जसप्रीत बुमराह (फोटो- IANS)
Jasprit Bumrah in IPL 2026: 8 मार्च 2026 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने हुईं। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को मात देकर वर्ल्ड कप (ICC Men's T20 World Cup 2026) की ट्रॉफी अपने नाम की। इस मैच में टीम इंडिया के जसप्रीत बुमराह ने सिर्फ 15 रन देकर चार विकेट चटकाए। बुमराह की शानदार गेंदबाजी और भारतीय बल्लेबाजों की धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत टीम इंडिया (Team India) ने तीसरी बार T20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीत ली।
इसके 20 दिन बाद आईपीएल शुरू हुआ। 5 बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस के 29 मार्च को अपने अभियान का आगाज किया। अब तक चार मुकाबले खेलने वाली हार्दिक पंड्या एंड कंपनी अंक तालिका में 8वें स्थान पर है। उन्हें सिर्फ एक में जीत मिली है। हालांकि मुंबई इंडियंस के लिए ये नई बात नहीं है। 2015 में तो ये टीम शुरुआती 6 में से 5 मैच हारने के बावजूद प्लेऑफ में पहुंची और फिर खिताब भी जीता। हैरान करने वाली बात टीम के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के लिए है।
जसप्रीत बुमराह इस सीजन 4 मैच खेल चुके हैं और अब तक उन्हें एक भी सफलता नहीं मिली है। 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस आईपीएल 2026 में पहली बार उतरी। बुमराह ने 35 रन दिए, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इस मुकाबले में मुंबई तो जीत गई, लेकिन जसप्रीत बुमराह खाली हाथ लौटे। इसके बाद मुंबई की टीम दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैदान पर उतरी। यहां मुंबई को हार मिली और जसप्रीत बुमराह फिर से विकेट नहीं ले सके।
7 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स से मुंबई इंडियंस का मुकाबला हुआ और इस मैच में भी मुंबई को हार मिली, जबकि जसप्रीत बुमराह खाली हाथ मैदान से लौटे। 12 अप्रैल को मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच वानखेड़े स्टेडियम में मुकाबला खेला गया। इस मैच में भी मुंबई इंडियंस हार गई और जसप्रीत बुमराह एक बार फिर विकेटलेस रहे। अब तक बुमराह इस आईपीएल में चार मैच खेल चुके हैं, 100 से ज्यादा रन खर्च कर चुके हैं, लेकिन उन्हें अभी तक एक भी विकेट नहीं मिला है।
इसी गेंदबाज ने आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 में कहर बरपाया था और भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिक निभाई थी। बुमराह ने उस टूर्नामेंट में 8 मैच खेले और 14 विकेट हासिल किए। इस दौरान वह सिर्फ जिम्बाब्वे के खिलाफ कोई विकेट नहीं ले पाए। टीम इंडिया के लिए सबसे बड़े मुकाबले में बुमराह ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया और 4 विकेट निकाले। टी20 वर्ल्डकप 2026 भारत में ही खेला गया था और आईपीएल भी वहीं खेला जा रहा है। इसके बावजूद वो एक भी विकेट हासिल नहीं कर पाए हैं।
Published on:
13 Apr 2026 05:28 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
