
Vaibhav Sooryavanshi record: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का रोमांच आज जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में सातवें आसमान पर होगा। शाम 7:30 बजे जब राजस्थान रॉयल्स (RR) और गुजरात टाइटंस (GT) की टीमें आमने-सामने होंगी, तो सबकी नजरें 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी पर होंगी। वैभव आज सिर्फ एक छक्का लगाते ही वेस्टइंडीज के दिग्गज कीरोन पोलार्ड का सालों पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर देंगे।
वैभव सूर्यवंशी टी-20 क्रिकेट में सबसे तेज 100 छक्के लगाने के बेहद करीब हैं। उन्होंने अब तक सिर्फ 27 पारियों की 511 गेंदों पर 99 छक्के जड़ दिए हैं। फिलहाल यह रिकॉर्ड कीरोन पोलार्ड के नाम है, जिन्होंने 100 छक्के पूरे करने के लिए 843 गेंदें ली थीं। यानी वैभव उनसे कहीं कम गेंदों में यह कारनामा करने वाले हैं।
सीजन की शुरुआत में वैभव ऑरेंज कैप की रेस में टॉप पर थे, लेकिन फिलहाल वह 404 रनों के साथ पांचवें नंबर पर खिसक गए हैं। अभी हेनरिक क्लासेन (494 रन) पहले नंबर पर हैं। वैभव को फिर से ऑरेंज कैप हासिल करने के लिए आज गुजरात के खिलाफ कम से कम 91 रनों की पारी खेलनी होगी। खास बात यह है कि वैभव ने अपने 404 में से 350 से ज्यादा रन सिर्फ चौकों और छक्कों से बनाए हैं।
पिछले मैच में वैभव का दिल्ली के गेंदबाज काइल जेमिसन के साथ जबरदस्त टकराव देखने को मिला था। वैभव ने जेमिसन को चौका मारा, तो अगली ही गेंद पर जेमिसन ने उन्हें बोल्ड कर दिया। विकेट के बाद जेमिसन ने जिस तरह आक्रामक जश्न मनाया, उसकी काफी आलोचना हुई और BCCI ने उन पर डिमेरिट पॉइंट का जुर्माना भी लगाया।
बता दें कि पिछली बार जब इसी सवाई मानसिंह स्टेडियम में मैच हुआ था, तब वैभव ने तूफानी शतक जड़ा था और राजस्थान ने 8 विकेट से जीत हासिल की थी। आज फिर जयपुर के फैंस को उम्मीद है कि वैभव का बल्ला आग उगलेगा और पोलार्ड का रिकॉर्ड जयपुर की धरती पर ही टूटेगा।