
Ireland vs India, 1st T20I: भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। बेलफास्ट के सिविल सर्विसेज क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर खेले जा रहे इस मैच में आयरलैंड ने कप्तान लोरकन टकर के अर्धशतक और ऑलराउंडर गैरेथ डेलानी की ताबड़तोड़ पारी की मदद से भारत के सामने 183 रनों का लक्ष्य रखा है।
आयरलैंड को शुरुआत अच्छी नहीं मिली थी। टीम ने 7.1 ओवर में 51 के स्कोर पर अपने 4 विकेट गंवा दिए थे। इस समय ऐसा लग रहा था कि टीम शायद ही 100 या 110 का आंकड़ा पार करे, लेकिन कप्तान लॉर्कन टकर ने गैरेथ डेलानी के साथ पांचवें विकेट के लिए 64 की साझेदारी कर टीम के बड़े स्कोर की नींव रखी। टकर 36 गेंदों पर 2 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद डेलानी ने जॉर्ज डॉकरेल के साथ छठे विकेट के लिए 49 रन जोड़े। डॉकरेल 10 गेंदों पर 19 रन बनाकर आउट हुए। डेलानी 32 गेंदों पर 3 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 49 रन बनाकर आउट हुए। डेलानी की पारी का आयरलैंड को 182 तक पहुंचाने में अहम योगदान रहा। लियाम मैकार्थी 7 रन बनाकर आउट हुए। आयरलैंड ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 182 रन बनाए हैं।
भारतीय टीम की तरफ से दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर में 24 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट झटके। अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट लिए। शिवम दुबे ने 3 ओवर में 18 रन देकर 1 विकेट लिया। वाशिंगटन सुंदर महंगे रहे। उन्होंने 1 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 19 रन लुटाए। अक्षर पटेल ने 4 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट लिए।
भारत की तरफ से दाएं हाथ के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा सबसे महंगे रहे। कृष्णा की आयरलैंड के बल्लेबाजों ने जमकर कुटाई की, उन्होंने 4 ओवर में 14.20 की इकॉनमी से 57 रन लुटाये। उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला। इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया। 15 साल के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग 11 में जगह नहीं मिली है। ऐसे में उन्हें अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के लिए अभी इंतजार करना होगा।