
Ireland vs India, 1st T20I: भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। बेलफास्ट के सिविल सर्विसेज क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर खेले जा रहे इस मैच में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। 15 साल के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग 11 में जगह नहीं मिली है। ऐसे में उन्हें अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के लिए अभी इंतजार करना होगा।
यह सीरीज श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट के नए अध्याय की शुरुआत है। फैंस को सूर्यवंशी के डेब्यू की उम्मीद थी, लेकिन फिलहाल यह इंतजार और लंबा हो गया है। दूसरी ओर, आयरलैंड की टीम में जय मूंदड़ा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू का मौका मिला है। जय का जन्म राजस्थान में हुआ था।
अय्यर दिसंबर 2023 को भारत की तरफ से आखिरी बार टी20 मैच खेले थे, जिसके करीब ढाई साल बाद वह सीधे कप्तान के तौर पर टीम में वापसी कर रहे हैं। बेलफास्ट में टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनते हुए भारतीय कप्तान अय्यर ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यह हमारे लिए नई पिच है। हम पहली बार बेलफास्ट में खेल रहे हैं। हालात, माहौल और विकेट को देखते हुए, हम पहले गेंदबाजी करना चाहते हैं। हमें जल्द से जल्द यहां के हालात के हिसाब से ढलना होगा। हम एक बार में एक ही मैच पर ध्यान देंगे। हम हमेशा यही कहते हैं कि चीजों को मुश्किल नहीं बनाना चाहिए।"
15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। कप्तान ने किशोर बल्लेबाज को लेकर कहा, "अफसोस की बात है कि वैभव नहीं खेल रहे हैं। सही समय आने पर उन्हें भी मौका मिलेगा। फिलहाल हम तीन तेज गेंदबाजों और एक ऑलराउंडर के साथ उतर रहे हैं।"
दूसरी ओर, आयरलैंड के कप्तान लोर्कन टकर ने कहा, "मैं टॉस जीतकर गेंदबाजी ही चुनता। पिच बहुत अच्छी लग रही है। यह बदलाव का दौर था। पिछले कुछ वर्षों में स्टर्लो (पॉल स्टर्लिंग) ने टीम की शानदार तरह से कप्तानी की। आज जय मूंदड़ा अपना डेब्यू कर रहे हैं।" टी20 फॉर्मेट में भारत-आयरलैंड के बीच 8 मैच खेले गए हैं, जिसमें सभी मैच टीम इंडिया ने अपने नाम किए। भारत इस सीरीज में भी जीत का सिलसिला बरकरार रखना चाहेगा।
भारत : श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।
आयरलैंड : टिम टेक्टर, रॉस अडायर, हैरी टेक्टर, लोरकन टकर (कप्तान/विकेटकीपर), बेंजामिन कैलिट्ज़, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, लियाम मैकार्थी, मैथ्यू हम्फ्रीज़, जय मूंद्रा, मैथ्यू होलार्ड