क्रिकेट

IND vs IRE: भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, वैभव सूर्यवंशी नहीं प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे ने किया डेब्यू, देखें प्लेइंग 11

IND vs IRE: भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में भी वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया गया है। उन्हें भारतीय टीम में डेब्यू के लिए अब इंग्लैंड के खिलाफ अगली सीरीज तक का इंतजार करना होगा।
2 min read
Jun 28, 2026
IND vs IRE 2nd T20
भारत और आयरलैंड के बीच दूसरा टी20 मुक़ाबला खेला जा रहा है (Photo - BCCI)

Ireland vs India, 2nd T20I: भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है। बेलफास्ट के सिविल सर्विसेज क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर खेले जा रहे इस मैच में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारत को इस सीरीज के पहले मुकाबले में 34 रनों की करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। ऐसे में सीरीज बचाने के लिए उन्हें यह मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। वहीं आयरलैंड की नजरें क्रिकेट इतिहास में पहली बार टी20 सीरीज जीतने पर टिकी हुई हैं।

वैभव सूर्यवंशी को फिर नहीं मिला मौका

15 साल के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को इस मुकाबले में भी प्लेइंग 11 में जगह नहीं मिली है। ऐसे में उन्हें अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के लिए उन्हें अब इंग्लैंड के खिलाफ 1 जुलाई से शुरू होने वाली सीरीज तक का इंतजार करना होगा। इस मैच में तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे डेब्यू कर रहे हैं।

टॉस के दौरान श्रेयस अय्यर ने क्या कहा

टॉस जीतने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। मैं बस हालात का फायदा उठाना चाहता हूं। हम जितनी जल्दी हो सके हालात के हिसाब से ढलना चाहते हैं। हम समझदारी से क्रिकेट खेलना चाहते हैं। हमारे पास बहुत अनुभवी खिलाड़ी हैं। हमारी टीम में दो बदलाव हैं, सूर्यांश और प्रिंस टीम में आए हैं और अपना डेब्यू कर रहे हैं। शेडगे घरेलू क्रिकेट और आईपीएल, दोनों में ही शानदार क्रिकेटर रहे हैं।"

आयरलैंड ने नहीं किया कोई बदलाव

प्रिंस को लेकर कप्तान ने कहा, "मैं उन पर ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहता। वह हालात के हिसाब से ढलने में माहिर हैं।" वहीं, आयरलैंड के कप्तान लोर्कन टकर ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करके खुश थे। हम जितनी जल्दी हो सके पिच को समझना चाहते हैं। जिस तरह से हमने पहले मैच में उन्हें रोका, वह शानदार था। हमारी टीम वही है।"

भारतीय टीम सीरीज का पहला मैच 34 रन से गंवा चुकी है। ऐसे में उसे सीरीज बराबरी पर खत्म करने के लिए यह मुकाबला हर हाल में अपने नाम करना होगा। आयरलैंड ने भारत के खिलाफ पहले टी20 मैच में 9 विकेट खोकर 182 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवरों में 148 रन पर सिमट गई। इसी के साथ आयरलैंड ने टी20 इतिहास में पहली बार भारत के खिलाफ मुकाबला अपने नाम किया। अब आयरलैंड के पास टीम इंडिया के खिलाफ पहली बार टी20 सीरीज जीतने का भी मौका है।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

भारत : श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, सूर्यांश शेडगे, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।

आयरलैंड : लोरकन टकर (कप्तान/विकेटकीपर), टिम टेक्टर, रॉस अडायर, हैरी टेक्टर, बेंजामिन कैलिट्ज़, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, लियाम मैकार्थी, मैथ्यू हम्फ्रीज़, जय मूंद्रा, मैथ्यू होलार्ड

Updated on:
28 Jun 2026 05:52 pm
Published on:
28 Jun 2026 05:34 pm