भारत के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम में ईश सोढी को शामिल किया गया है।
ऩई दिल्ली। भारत के दौरे पर आई न्यूजीलैंड की टीम को अपने सफर के आगाज से पहले ही एक बड़े झटके का सामना करना पड़ा है। न्यूजीलैंड के गेंदबाज टोड एश्ले चोटिल हो गए है। चोटिल होने के कारण एश्ले सीरीज का कोई भी मैच नहीं खेल पाएंगे। लिहाजा न्यूजीलैंड क्रिकेट ने एश्ले की जगह पर लेग स्पिनर ईश सोढी को टीम में चुना है। सोढी भारत के खिलाफ होने वाले आगामी तीन एकदिवसीय और तीन टी 20 मैचों की सीरीज में टीम का हिस्सा होंगे।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने की पुष्टि
एश्ले के चोटिल होने की पुष्टि न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कर दी है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने एक बयान में कहा, "मंगलवार को मुंबई में बोर्ड अध्यक्ष एकादश और न्यूजीलैंड के बीच हुए अभ्यास मैच में एश्ले चोटिल हो गए। इसके बाद हुए आंकलन और स्कैन से पता चला कि उनके दाएं पांव में चोट लगी है जिसके कारण वह तीन हफ्तों के लिए मैदान से बाहर रहेंगे।"
बहुत गलत समय में लगी चोट- कीवी कोच
न्यूजीलैंड के कोच माइक हेसन ने कहा कि एश्ले के लिए यह चोट बहुत गलत समय पर आई है। हेसन ने कहा, "टोड ने हाल में इंडिया-ए के साथ हुई श्रृंखला में न्यूजीलैंड-ए के लिए शानदार प्रदर्शन किया था और इस सीरीज के लिए काफी तैयारी की थी।" हेसन ने कहा, "वह इस मौके के हकदार थे और टीम में सभी को उनके लिए बुरा महसूस हो रहा है।"
पहले मैच 22 अक्टूबर को मुंबई में
दोनों टीमों के बीच में सीरीज का पहला मैच 22 अक्टूबर को होगा। मुबंई को वानखड़े स्टेडियम में दोनों टीमें पहले मैच में आमने-सामने होगी। न्यूजीलैंड, भारत से तीन एदिवसीय और तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगा।
न्यूजीलैंड टीम :
केन विलियमसन (कप्तान), ट्रैंट बाउल्ट, कोलिन डी ग्रैंडहोमे, मार्टिन गुप्टिल, मैट हेनरी, टॉम लाथम, हैनरी निकोलस, एडम मिलने, कोलिन मुनरो, ग्लेन फिलिप्स, मिशेल सेंटनर, ईश सोढी, टिम साउथी, रॉस टेलर और जॉर्ज वॉर्कर।