
नई दिल्ली। एकदिवसीय मैचों में श्रीलंका की हार का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। भारत से पांच मैचों की सीरीज क्लीन स्वीप से हारने के बाद अब वह पाकिस्तान के खिलाफ भी लगातार हार रही है। सोमवार को अबुधाबी में खेले गए सीराज के दूसरे मैच में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 32 रनों से मात देते हुए सीरीज में 2-0 बढ़त बना ली। मैच में बाबर आजम ने शानदार शतकीय पारी खेली। बता दें कि आजम ने पिछले मैच में भी शानदार शातक लगाया था।
टॉस जीत कर श्रीलंका ने की पहली बल्लेबाजी
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने सोमवार देर रात खेले गए दूसरे वनडे मैच में श्रीलंका को 32 रनों से हरा दिया। शेख जायेद स्टेडियम में खेले गए इस मैच में जीत हासिल कर पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज में 2-0 से बढ़त हासिल कर ली है। 13 अक्टूबर को दुबई में खेले गए पहले वनडे मैच में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 83 रनों से हराया था। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और आजम के शतक तथा शादाब खान (52) की अर्धशतकीय पारी के दम पर श्रीलंका के खिलाफ नौ विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए।
कप्तान थरंगा ने भी लगाया शतक
पाकिस्तान के लिए आजम और शादाब के अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाया। श्रीलंका के लिए इस पारी में लाहिरु गमागे ने सबसे अधिक चार विकेट चटकाए, वहीं थिसारा परेरा ने दो विकेट लिए। पाकिस्तान की ओर से मिले 220 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम ने अच्छी शुरुआत की थी। कप्तान उपुल थरंगा (नाबाद 112) ने टीम के लिए नाबाद शतकीय पारी खेली, लेकिन उन्हें बाकी टीम के खिलाड़ियों का साथ नहीं मिला।
शादाब को मैन ऑफ द मैच
श्रीलंका के लिए कप्तान थरंगा के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाया और इस कारण श्रीलंका की टीम 187 रनों पर ही सिमट गई। पाकिस्तान के लिए अर्धशतकीय पारी खेलने वाले शादाब ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए श्रीलंका के तीन बल्लेबाजों को घर भेजा। उनके अलावा जुनैद खान, रुमान रईस, हसन अली, मोहम्मद हफीज और शोएब मलिक को एक-एक सफलता हासिल हुई। शादाब को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी दिया गया। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच तीसरा वनडे मैच 18 अक्टूबर को इसी स्टेडियम में खेला जाएगा।
Published on:
17 Oct 2017, 2:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.