भारतीय टीम 7 फरवरी को अपने टी20 वर्ल्डकप 2026 अभियान का आगाज करेगी, जहां मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सूर्यकुमार यादव एंड कंपनी USA से भिड़ेगी।
Team India Probable Playing 11: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से हो रही है, जहां भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला इसी दिन खेलेगी। इस दिन का पहला मैच नीदरलैंड्स और पाकिस्तान की टीमों के बीच सिंहलेज स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। इसके बाद कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। भारत का मुकाबला USA से होगा, जो मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।
इस मुकाबले को लेकर भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अपनी पसंदीदा प्लेइंग इलेवन चुनी है, जिसमें एक हैरान करने वाला फैसला देखने को मिला है। उन्होंने ईशान किशन को अपनी प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया है। ईशान किशन ने हाल ही में खेली गई टी20 सीरीज में शानदार बल्लेबाजी की थी और अपनी वापसी को दमदार बनाया था। उन्होंने सीरीज में 215 रन बनाए थे, जिसमें उनका औसत 50 से ज्यादा का रहा। इसके बावजूद अगर युजवेंद्र चहल जैसे अनुभवी खिलाड़ी ने उन्हें अपनी पसंदीदा प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा है, तो इसकी कोई खास वजह जरूर होगी।
आपको बता दें कि चहल की प्लेइंग इलेवन में कुलदीप यादव को भी जगह नहीं मिली है। उन्होंने वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को टीम में शामिल किया है। चहल की पसंदीदा प्लेइंग इलेवन के अनुसार अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ओपनिंग करेंगे। इसके बाद तीसरे नंबर पर तिलक वर्मा बल्लेबाजी करेंगे, फिर सूर्यकुमार यादव आएंगे। उनके बाद हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह को शामिल किया गया है।
युजवेंद्र चहल का एक और फैसला भी चौंकाने वाला है, क्योंकि संजू सैमसन न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज में बुरी तरह फ्लॉप रहे थे। उन्होंने पांच पारियों में बल्लेबाजी करने के बावजूद 50 रन भी नहीं बना पाए थे, लेकिन इसके बावजूद चहल ने उन्हें अपनी प्लेइंग इलेवन में ओपनर के तौर पर रखा है, जहां वह अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। अब देखना यह होगा कि सूर्यकुमार यादव की आधिकारिक प्लेइंग इलेवन और युजवेंद्र चहल की पसंदीदा प्लेइंग इलेवन में कितना अंतर देखने को मिलता है।
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप और जसप्रीत बुमराह।