
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम जुलाई में इंग्लैंड के दौरे पर जाएगी। जहां दोनों टीमों के बीच में पांच टेस्ट, तीन वनडे और तीन टी-20 मैच खेले जाने है। इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप 2019 से पहले टीम इंडिया के इस टूर को काफी अहम माना जा रहा है। इस दौरे के लिए अभी भारतीय टीम तैयारियां कर रही है। इसी बीच यह खबर सामने आई है कि इंग्लैंड क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन चोटिल हो गए है। एंडरसन को कंधे की चोट के लगी है। जिसके चलते वे करीब 6 सप्ताह तक मैदान से दूर रहेंगे।
2016 में लगी थी चोट-
एंडरसन को अगले डेढ़ महीने के लिए आराम दिया गया है और इस दौरान वह रिहैबिलिटेशन करेंगे। वेबसाइट ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, इंग्लैंड के लिए टेस्ट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले एंडरसन को 2016 में कंधे में चोट लगी थी और तब से ही वह इससे जूझते आ रहे हैं। एंडरसन ने इससे पहले एक बार कहा था कि जब वह अपनी टी-शर्ट निकालते हैं या ब्रश करते हैं तो उनके कंधे में दर्द होता है।
काउंटी चैंपियनशिप के दो मैचों से बाहर-
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने एक बयान में कहा कि भारत के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज को देखते हुए उम्मीद है कि एंडरसन उस समय तक पूरी तरह से फिट हो जाएंगे। इसालिए टीम प्रबंधन ने उन्हें काउंटी चैंपियनशिप के दो मैचों से आराम देने का फैसला किया है। इस दौरान वह अपना रिहैबिलिटेशन करेंगे।
भारत के खिलाफ सीरीज से पहले फिट होने की आस-
इंग्लैंड के कोच ट्रेवर बेलिस ने कहा कि हमें भारत के खिलाफ एक अगस्त से अहम टेस्ट सीरीज खेलनी है। हमारे गेंदबाजों के सामने यह सीरीज एक बड़ी चुनौती है। इसलिए यह जरूरी है कि कि एंडरसन भारत के खिलाफ सीरीज में पूरी तरह फिट होकर खेलें। हालांकि भारतीय टीम के इंग्लैंड पहुचंन से पहले जेम्स के फिट हो जाने की उम्मीद जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि जिम्मी (एंडरसन) को दाएं कंधे में चोट की शिकायत है। इसलिए हमने उन्हें सलाह दिया है कि वह टेस्ट सीरीज के लिए तैयारी करें और फिलहाल क्रिकेट से दूर रहें।